Khagaria Murder Case: भागलपुर. खगड़िया जिले के अलौली थाना क्षेत्र के फुलतौड़ा पुल के समीप शुक्रवार सुबह गोली मारकर हत्या किए गए पूर्व सरपंच सुचिता देवी के 31 वर्षीय पुत्र जंगली पटेल के शव का शनिवार को जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जेएलएनएमसीएच), मायागंज में पोस्टमार्टम कराया गया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
एक्स-रे में शरीर में 14 गोलियां मिलने की पुष्टि
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम खगड़िया सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम से पहले शव का एक्स-रे कराया गया. जांच में मृतक के शरीर में 14 गोलियां फंसी होने की पुष्टि हुई. प्रारंभिक पोस्टमार्टम के दौरान चिकित्सक केवल दो गोलियां ही निकाल सके. इसके बाद बेहतर चिकित्सीय प्रक्रिया के लिए शव को जेएलएनएमसीएच, भागलपुर रेफर किया गया, जहां शेष गोलियां भी शरीर से निकाली गयी.
बेटा-बेटी के सामने बरसाईं गोलियां
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जंगली पटेल शुक्रवार सुबह फुलतौड़ा चौक पर अपने बेटा और बेटी के साथ खड़े थे. इसी दौरान दो बाइक पर सवार नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे. पहले उन्होंने नाम पूछा, फिर हाथ मिलाया और अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. कई गोलियां लगने से जंगली पटेल की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए.
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना के बाद पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. जांच के दौरान पांच खोखे बरामद किए गए हैं. पुलिस तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है.
आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
Khagaria Murder Case: एसपी भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम हत्या के कारणों और इसमें शामिल अपराधियों की पहचान में जुटी है. संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. घटना के विरोध में शुक्रवार को ग्रामीणों ने फुलतौड़ा चौक के समीप सड़क जाम कर शीघ्र गिरफ्तारी की मांग भी की थी.
ये भी पढ़ें: मायागंज अस्पताल में विवाहिता की मौत, पति पर मारपीट और प्रताड़ना का आरोप, जीरो एफआईआर दर्ज
