18 डिसमिल जमीन के विवाद में 80 वर्षीय वृद्ध की हत्या, ईंट पर पटकने का आरोप

मात्र 18 डिसमिल जमीन के विवाद में 80 वर्षीय बुजुर्ग की निर्मम हत्या कर दी गई. घटना के दौरान पुलिस की मौजूदगी के बावजूद मारपीट और गंभीर आरोप लगे हैं. पूरा मामला चौंकाने वाला है.

Navgachia Crime News: महज 18 डिसमिल जमीन के विवाद ने एक 80 वर्षीय वृद्ध की जान ले ली. झंडापुर थाना क्षेत्र के जयरामपुर गांव में विवादित जमीन पर बाउंड्री देने के लिए गड्ढा खोदने का विरोध करने पर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ. देखते ही देखते कहासुनी और गाली-गलौज के बाद मामला हिंसक हो गया. आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंचे 80 वर्षीय बासुकी कुंवर को आरोपितों ने उठाकर ईंट पर पटक दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गये. बाद में उनकी मौत हो गयी.

मृतक स्व. महावीर कुंवर के पुत्र थे. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है. परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने अनुमंडल अस्पताल पहुंचे.

बाउंड्री के लिए गड्ढा खोदने से शुरू हुआ विवाद

मृतक के भाई नीलेश कुंवर ने बताया कि जयरामपुर में करीब 18 डिसमिल यानी लगभग चार कट्ठा जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था. आरोप है कि नामजद पक्ष विवादित जमीन पर जबरन बाउंड्री निर्माण की तैयारी कर रहा था और इसके लिए गड्ढा खोदा जा रहा था.

बासुकी कुंवर और उनके परिजनों ने इसका विरोध किया. इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गये. पहले कहासुनी हुई और फिर गाली-गलौज शुरू हो गयी. स्थिति बिगड़ती देख परिजनों ने डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी.

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाया

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया. पुलिस ने जमीन से जुड़े कागजात लेकर थानाध्यक्ष से मिलने की बात कही.

इसके बाद नीलेश कुंवर आशुतोष कुंवर के साथ झंडापुर थाना पहुंचे. वहां उन्होंने घटना को लेकर आवेदन दिया. परिजनों के अनुसार, आवेदन मिलने के बाद पुलिस दोबारा विवादित स्थल पर पहुंची.

पुलिस की मौजूदगी में मारपीट का भी आरोप

नीलेश कुंवर का आरोप है कि पुलिस के दोबारा मौके पर पहुंचने के बाद भी विवाद थमा नहीं. उन्होंने आरोप लगाया कि नामजद लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ भी हाथापाई की.

इसी दौरान खंती से आशुतोष कुंवर के सिर पर वार कर उन्हें घायल कर दिया गया. आशुतोष को बचाने के लिए बासुकी कुंवर आगे आये. आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने 80 वर्षीय वृद्ध को पकड़ लिया और उठाकर ईंट पर पटक दिया.

गंभीर चोट लगने के बाद बासुकी कुंवर मौके पर ही अचेत हो गये. घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गयी.

जमीन विवाद ने ली वृद्ध की जान

परिजनों के अनुसार, जमीन को लेकर विवाद पहले से चल रहा था, लेकिन किसी ने यह नहीं सोचा था कि महज 18 डिसमिल जमीन का विवाद इस हद तक पहुंच जाएगा कि एक बुजुर्ग की जान चली जाएगी.

80 वर्षीय बासुकी कुंवर की मौत के बाद परिवार में मातम है. परिजनों का कहना है कि जमीन के विवाद का समाधान कानूनी तरीके से हो सकता था, लेकिन विवाद हिंसा में बदल गया और परिवार ने अपना सदस्य खो दिया.

Navgachia Crime News: पोस्टमार्टम के बाद आगे की कार्रवाई

घटना के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल लाया गया. परिजन आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

फिलहाल मामले में पुलिस की ओर से घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. जमीन के कागजात, दोनों पक्षों के बीच पुराने विवाद और मौके पर हुई मारपीट से जुड़े तथ्यों की जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी. परिजनों द्वारा लगाये गये आरोपों की पुलिस जांच कर रही है.

Also Read: दिल्ली में निर्मला सीतारमण और एस जयशंकर के साथ सम्राट चौधरी की हाईलेवल मीटिंग, नेपाल डैम से बिहार के फंड तक, जानिए क्या है पूरा एजेंडा

Also Read: ज्योति सिंह ने पवन सिंह के लिए इंस्टा पर लगाई स्टोरी, लिखा- प्रिय पतिदेव, इस बार तुम्हारी कहानी नहीं बनना चाहती


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By असद अशरफी

असद अशरफी प्रिंट माध्यम से पिछले 2 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कहलगांव (भागलपुर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. राजनीति, खेल और धर्म-आध्यात्म में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >