पुलिस जिला नवगछिया में मंगलवार को मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई. अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक नवगछिया राजेश कुमार ने की. यह गोष्ठी पुलिस कार्यालय सभागार में आयोजित हुई, जिसमें पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, पुलिस उपाधीक्षक यातायात, अंचल निरीक्षक नवगछिया, बिहपुर सहित सभी थानाध्यक्ष एवं कार्यालय शाखा प्रभारी मौजूद रहे. बैठक में जिले के विभिन्न लंबित मामलों, अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की गई. पुलिस अधीक्षक ने कांड, वारंट, कुर्की तथा भूमि विवाद से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया. इसके साथ ही बीएनएसएस की धारा 126, 128 एवं 129 तथा सीआरपीसी की धारा 107 के तहत की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई. गोष्ठी में फरार आरोपियों के विरुद्ध कुर्की वारंट की अद्यतन स्थिति, राजसात एवं विनष्टीकरण प्रस्ताव भेजने तथा जब्त शराब, स्मैक, गांजा सहित अन्य मादक पदार्थों के विनष्टीकरण को लेकर भी चर्चा हुई. पुलिस अधीक्षक ने शराब तस्करों, हथियार बरामदगी और मादक पदार्थ से जुड़े मामलों में विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया. बैठक के दौरान कांडों में जब्त वस्तुओं को विधि-विज्ञान प्रयोगशाला भेजने, पीओ एवं अन्य साक्ष्यों को अपलोड करने तथा आइआरडी एवं इआरडी में प्रविष्टि की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई. थानावार विशेष और संवेदनशील मामलों की प्रगति रिपोर्ट भी ली गई. मालखाना प्रबंधन, पुलिस मुख्यालय को भेजे जाने वाले प्रतिवेदन एवं विभागीय मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. हत्या, लूट, डकैती, अपहरण, पॉक्सो एवं एससी-एसटी एक्ट से जुड़े गंभीर मामलों की भी विस्तार से समीक्षा की गई. बैठक में 300 दिनों से अधिक समय से लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति तथा सोशल मीडिया की निगरानी को लेकर भी आवश्यक निर्देश जारी किए गए.
bhagalpur news. मासिक अपराध गोष्ठी में लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश
पुलिस जिला नवगछिया में मंगलवार को मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई
