BHAGALPUR : सड़क हादसे में जख्मी बांका के युवक की 78वें दिन मौत

बांका जिले के धोरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत गछिया गांव निवासी 29 वर्षीय रवि कुमार की सड़क हादसे में जख्मी होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गयी.

भागलपुर से ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट :

बांका जिले के धोरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत गछिया गांव निवासी 29 वर्षीय रवि कुमार की सड़क हादसे में जख्मी होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गयी. परिजनों के अनुसार 20 फरवरी को गांव में ही मोटरसाइकिल से जा रहे रवि कुमार को अज्ञात वाहन ने धक्का मार दिया था, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गये थे. हादसे के बाद स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया, लेकिन स्थिति गंभीर रहने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए बाहर भेजा गया.

सिलीगुड़ी से मायागंज रेफर, पहुंचने पर मृत घोषित

परिजनों ने बताया कि रवि कुमार 21 फरवरी से सिलीगुड़ी के एक अस्पताल में भर्ती थे. वहां लंबे समय तक इलाज चला, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर स्थित जेएलएनएमसीएच मायागंज रेफर कर दिया. परिजन उन्हें एंबुलेंस से लेकर मायागंज अस्पताल पहुंचे, लेकिन यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है कि रास्ते में ही उनकी मौत हो गयी थी. हादसे के 78वें दिन उनकी मृत्यु हुई. मृतक रवि कुमार अपना व्यवसाय करते थे और काम के सिलसिले में अक्सर घर से बाहर रहते थे. वह शादीशुदा थे. परिवार में पत्नी मालती देवी, दो पुत्र और दो पुत्री हैं. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

इलाज में 18 लाख खर्च, मुआवजे की मांग

परिजनों ने बताया कि इलाज के दौरान परिवार आर्थिक रूप से पूरी तरह टूट गया. करीब 17 से 18 लाख रुपये इलाज में खर्च हो गये, बावजूद युवक की जान नहीं बच सकी. परिजनों ने सरकार से पीड़ित परिवार को समुचित मुआवजा देने की मांग की है. घटना के बाद गांव और परिवार में शोक का माहौल है तथा सभी गहरे सदमे में हैं.

सड़क हादसों से बचाव के लिए सावधानी जरूरी

लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे चिंता का विषय बनते जा रहे हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग जरूर करना चाहिए. तेज रफ्तार, लापरवाही और गलत दिशा में वाहन चलाना हादसों का बड़ा कारण बन रहा है. सड़क पर हमेशा यातायात नियमों का पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं और ओवरटेक करते समय विशेष सावधानी बरतें. थोड़ी सी सतर्कता कई परिवारों को उजड़ने से बचा सकती है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

AMIT KUMAR SINH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >