Bhagalpur news स्कूलों में बढ़ेगा किताबी ज्ञान से आगे सोच का दायरा

अब सुलतानगंज के प्राइमरी, मिडिल और हाई स्कूल के बच्चे अब केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं रहेंगे.

अब सुलतानगंज के प्राइमरी, मिडिल और हाई स्कूल के बच्चे अब केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं रहेंगे. शिक्षा को रोचक, व्यापक और व्यावहारिक बनाने की दिशा में एक अहम पहल के तहत स्कूल लाइब्रेरी में ज्ञानवर्धक मासिक पत्रिकाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं. उद्देश्य बच्चों के बौद्धिक विकास के साथ-साथ उन्हें देश-दुनिया और समसामयिक विषयों से जोड़ना है. बच्चों में सामान्य ज्ञान, देश-दुनिया की समझ, वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता विकसित करने के उद्देश्य से स्कूल लाइब्रेरी को ज्ञानवर्धक मासिक पत्रिकाओं से समृद्ध किया जा रहा है.

कक्षा अनुसार पत्रिकाओं की व्यवस्था

कक्षा एक से पां तक के बच्चों के लिए चुनमुन, कक्षा छह से आठ के विद्यार्थियों के लिए उड़ान जूनियर ,और कक्षा नौ से 12 के छात्रों के लिए ‘उड़ान सीनियर’ पत्रिका भेजी जा रही है. हर माह अलग-अलग अंक आने से बच्चों को नयी-नयी जानकारियां मिलेगी, जिन्हें वह स्कूल लाइब्रेरी में बैठ कर पढ़ सकेंगे.

छोटे बच्चों के लिए रोचक और ज्ञानवर्धक ‘चुनमुन’

कक्षा एक से पांच के बच्चों के लिए तैयार चुनमुन पत्रिका में अंग्रेजी, गणित, सामान्य ज्ञान, चित्रकला, प्रमुख दिवस, नैतिक कहानियां, रोचक तथ्य, अनोखे खेल और पर्यटन स्थलों की जानकारी दी गयी है. इससे बच्चों में पढ़ने की रुचि बढ़ेगी और सीखना आनंददायक बनेगा.

मिडिल क्लास के लिए विज्ञान और तकनीक से परिचय

कक्षा छह से आठ के विद्यार्थियों के लिए उड़ान जूनियर में केमिस्ट्री, फिजिक्स, बायोलॉजी, मैथमेटिक्स, साइंस क्विज, इंग्लिश लर्निंग, कंप्यूटर, स्पेस साइंस, वैज्ञानिकों की जानकारी, ओलिंपियाड और इंटरनेट स्किल ट्रेनिंग जैसे विषय शामिल हैं, जो बच्चों की वैज्ञानिक सोच को मजबूत करेंगे.

सीनियर छात्रों को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी

कक्षा नौ से 12 के विद्यार्थियों के लिए उड़ान सीनियर एक विशेष प्रतियोगी-उन्मुख पत्रिका है. इसमें दी गयी जानकारी से छात्र न सिर्फ अपने ज्ञान का विस्तार करेंगे, बल्कि भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी तैयार हो सकेंगे.

डिजिटल युग में सही ज्ञान पर जोर

आज के डिजिटल दौर में जहां सूचनाएं तेजी से बदलती हैं, वहां विश्वसनीय और उपयोगी ज्ञान बेहद जरूरी है. इन पत्रिकाओं का उद्देश्य बच्चों में सोचने-समझने की क्षमता, आलोचनात्मक चिंतन और रचनात्मक अभिव्यक्ति को विकसित करना है. यह पहल बच्चों के लिए नयी ऊर्जा और नये विचारों का द्वार खोलेगी. पत्रिकाएं बिहार शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से सभी बीआरसी को भेजी गयी हैं. बीआरसी से स्कूल प्रधानों को पत्रिकाएं दी जा रही हैं, जिन्हें स्कूल लाइब्रेरी में रखा जायेगा. बीआरसी कर्मियों के अनुसार चुनमुन 2430, उड़ान जूनियर 1008 और उड़ान सीनियर 500 प्रतियां प्राप्त हुई हैं. प्रारंभिक विद्यालयों को 15, मध्य विद्यालयों को 12 और सीनियर कक्षाओं वाले विद्यालयों को 20 पत्रिकाएं दी जा रही हैं.

बीईओ ने दिया अविलंब उठाव का निर्देश

बीआरसी लेखापाल पवन कुमार ने बताया कि कई स्कूलों ने पत्रिकाओं का उठाव कर लिया है, जबकि कुछ शेष हैं. प्रभारी बीईओ राकेश कुमार ने सभी स्कूल प्रधानों को निर्देश दिया है कि वह शीघ्र पत्रिकाओं का उठाव करें, ताकि बच्चों को समय पर इसका लाभ मिल सके. शिक्षा को रोचक और व्यापक बनाने की यह पहल सुलतानगंज के बच्चों को किताबी ज्ञान से आगे ले जाकर जागरूक, जिज्ञासु और भविष्य के लिए सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: JITENDRA TOMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >