लू से बचाव के लिए रेड क्रॉस भवन में लगेगा विशेष हेल्थ कैंप, वरिष्ठ डॉक्टर देंगे मुफ्त सलाह
Heatwave Alert in Bhagalpur: भागलपुर में बढ़ती गर्मी और लू के खतरे के बीच आम लोगों के लिए राहत भरी पहल की गयी है. सैंडिस कंपाउंड स्थित रेड क्रॉस भवन में सुबह विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा, जहां विशेषज्ञ डॉक्टर लू से बचाव के उपाय बताएंगे.
भागलपुर से दीपक राव की रिपोर्ट
Bhagalpur News : जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, भागलपुर की ओर से विशेष स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किया जा रहा है. यह शिविर सुबह 6 बजे से 7 बजे तक सैंडिस कंपाउंड स्थित रेड क्रॉस भवन में लगाया जाएगा, जहां वरिष्ठ चिकित्सक लोगों को लू से बचाव, प्राथमिक उपचार और जरूरी सावधानियों की जानकारी देंगे.
सुबह के ठंडे मौसम में मिलेगा स्वास्थ्य परामर्श
जिलाधिकारी सह अध्यक्ष, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के निर्देश पर आयोजित इस शिविर का समय सुबह 06:00 बजे से 07:00 बजे तक रखा गया है. इसका उद्देश्य मॉर्निंग वॉकर्स, श्रमिकों और आम नागरिकों को धूप तेज होने से पहले स्वास्थ्य संबंधी परामर्श उपलब्ध कराना है.शिविर में लोगों को हीट स्ट्रोक के शुरुआती लक्षणों की पहचान, शरीर में पानी की कमी से बचाव और गर्मी में सुरक्षित रहने के उपायों की जानकारी दी जाएगी.
रेड क्रॉस भवन में जुटेंगे शहर के विशेषज्ञ डॉक्टर
जयप्रकाश उद्यान (सैंडिस कंपाउंड) स्थित इंडियन रेड क्रॉस भवन में आयोजित इस विशेष कैंप में शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सक मौजूद रहेंगे.इनमें मुख्य रूप से डॉ वैद्य देवेंद्र कुमार गुप्त (आयुर्वेद विशेषज्ञ), डॉ वकील प्रसाद सिंह (होम्योपैथिक विशेषज्ञ) और डॉ विपिन पंडित (आयुर्वेद विशेषज्ञ) शामिल हैं.विशेषज्ञ डॉक्टर लोगों को गर्मी में खानपान, पर्याप्त पानी पीने और धूप में निकलते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जागरूक करेंगे.
मुफ्त मिलेगा ओआरएस घोल
शिविर में आने वाले लोगों के बीच मुफ्त ओआरएस घोल का वितरण भी किया जाएगा, ताकि शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी को रोका जा सके.रेड क्रॉस की टीम ने लोगों से सुबह समय पर पहुंचकर शिविर का लाभ उठाने की अपील की है.
जल्द खुलेगा अत्याधुनिक फर्स्ट एड ट्रेनिंग सेंटर
इंडियन रेड क्रॉस भवन में हाल ही में आयोजित जिला प्रबंध समिति की बैठक में अत्याधुनिक फर्स्ट एड ट्रेनिंग सेंटर खोलने का निर्णय लिया गया है.यह सेंटर राज्य शाखा बिहार, पटना के सहयोग से शुरू किया जाएगा, जहां युवाओं और आम नागरिकों को प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण दिया जाएगा.
जून में चलेगा सड़क और बाढ़ सुरक्षा अभियान
राज्य कार्यकारिणी सदस्य अनुज कुमार सिंह, सचिव प्रवीण कुमार झा और संयुक्त सचिव रवि कुमार की उपस्थिति में आगामी जून महीने में ‘सड़क सुरक्षा सप्ताह’ और ‘बाढ़ सुरक्षा सप्ताह’ आयोजित करने का भी प्रस्ताव पारित किया गया है.