नहाय-खाय के साथ हरतालिका तीज आज से, बाजार में बढ़ी रौनक

अखंड सुहाग की कामना के साथ हरतालिका तीज व्रत आज नहाय-खाय से शुरू हो रहा है. भागलपुर के बाज़ारों में सब्ज़ियों, फलों और पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. महंगाई के बावजूद व्रतियों में उत्साह देखा जा रहा है.

भागलपुर. अखंड सुहाग की कामना को लेकर मनाये जाने वाले हरतालिका तीज व्रत की तैयारी शुरू हो गयी है. रविवार को नहाय-खाय के साथ व्रत की शुरुआत होगी. सुहागिन महिलाएं गंगा स्नान कर विभिन्न प्रकार के व्यंजन तैयार करेंगी और पति को भोजन कराने के बाद स्वयं भोजन ग्रहण करेंगी. सोमवार को महिलाएं बिना अन्न और जल के निर्जला उपवास रखेंगी.

सब्जी, फल और पूजन सामग्री बाजार में बढ़ी रौनक

हरतालिका तीज को लेकर शनिवार को भागलपुर के बाजारों में काफी रौनक रही. नहाय-खाय के लिए हरी सब्जियों की खरीदारी के साथ व्रत के लिए फल, पूजन सामग्री, डलिया और सुहाग सामग्री खरीदने के लिए महिलाओं की भीड़ बाजार में उमड़ी. तीज को देखते हुए कई सामानों की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है, लेकिन व्रतियों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी.

आनंद चिकित्सालय रोड और लोहिया पुल के नीचे ईख 30 से 40 रुपये डंडा तक बिक रही थी. पूजन सामग्री सामान्य रूप से 10 रुपये पुड़िया और डलिया में चढ़ाने वाला सुहाग का सामान करीब 10 रुपये पैकेट बिक रहा था.

नहाय-खाय पर हरी सब्जियों के दाम में आया उछाल

सब्जी बाजार में अधिकांश हरी सब्जियों की कीमत बढ़ गयी है. सब्जी दुकानदार मुन्ना महतो ने बताया कि कई सब्जियों के दाम 10 से 20 रुपये प्रति किलो तक बढ़े हैं. भिंडी और कुंदरी 20 से 30 रुपये किलो बिक रही थी.

करेली 40 रुपये किलो, परवल 40 से 60 रुपये किलो, ककोरी 30 से 40 रुपये पाव, हरी मिर्च 50 से 60 रुपये किलो, टमाटर 40 रुपये किलो, बैगन 50 से 60 रुपये किलो, भटा 80 से 100 रुपये किलो और फूलगोभी 30 से 50 रुपये पीस बिक रही थी. कद्दू 20 से 40 रुपये पीस, झिंगली 40 से 50 रुपये किलो, परोल 30 रुपये किलो, बोड़ा 40 रुपये किलो और पत्ता गोभी 40 रुपये किलो रही.

खीरे की कीमत में भी तेजी देखी गयी. खीरा पहले 40 से 50 रुपये किलो बिक रहा था, जो बढ़कर 80 से 100 रुपये किलो तक पहुंच गया. हालांकि कारोबारियों के अनुसार पिछले साल की तुलना में इस बार हरी सब्जियों की कीमत अपेक्षाकृत कम है.

नये फल आने से व्रतियों को मिली राहत

व्रत को लेकर फल बाजार में भी खरीदारी बढ़ी रही. फल कारोबारी मो साहेब ने बताया कि बाजार में नये फल आने से कुछ राहत मिली है. सेब 200 रुपये से घटकर 120 से 160 रुपये किलो, अनार 200 से घटकर 150 से 180 रुपये किलो, नारंगी 100 से 120 रुपये किलो, नासपाती 100 से 120 रुपये किलो और मौसमी 60 से 70 रुपये किलो बिक रही है.

वहीं केले की कीमत में करीब 10 रुपये प्रति दर्जन की बढ़ोतरी हुई है. 30 रुपये दर्जन बिकने वाला केला अब 40 से 60 रुपये दर्जन तक बिक रहा है. अमरूद 60 से 100 रुपये किलो बिक रहा है.

डलिया और सुहाग सामग्री की भी बढ़ी मांग

हरतालिका तीज को लेकर डलिया और सुहाग सामग्री की खरीदारी भी तेज रही. छोटी डलिया की कीमत दो दिनों में 40 रुपये से बढ़कर 50 से 60 रुपये पीस हो गयी. भगवान शंकर और माता पार्वती की प्रतिमाएं 100 से 300 रुपये तक बिक रही थीं.

व्रतियों ने पूजा के लिए आवश्यक अन्य सामग्री की भी खरीदारी की. बाजार में तीज को लेकर पूजन सामग्री और सुहाग से जुड़ी वस्तुओं की मांग बढ़ी हुई है.

रेडीमेड ठेकुआ और पकवान की भी बढ़ी मांग

मिठाई दुकानदार नंदकिशोर साह ने बताया कि भागलपुर में रेडीमेड पकवान का प्रचलन बढ़ा है. हरतालिका तीज को लेकर बाजार में रेडीमेड ठेकुआ और अन्य पकवान 360 से 470 रुपये किलो तक बिक रहे हैं. व्रतियों की ओर से इनकी भी खरीदारी की जा रही है.

महंगाई के बावजूद व्रतियों में उत्साह

हरतालिका तीज को लेकर बाजार में फल, सब्जी, पूजन सामग्री, डलिया, सुहाग सामग्री और पकवान की खरीदारी बढ़ने से कारोबारियों में भी उत्साह है. दूसरी ओर कुछ वस्तुओं की कीमत बढ़ने से व्रतियों को अतिरिक्त खर्च करना पड़ रहा है. इसके बावजूद पर्व को लेकर महिलाओं में उत्साह बना हुआ है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपक कुमार राव

दीपक कुमार राव प्रिंट माध्यम में 18 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 वर्षों से एक्टिव हैं. प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, कला-संस्कृति व सामाजिक कार्य में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >