bhagalpur news. जीएसटी में छूट से धनतेरस के कारोबार को रेस, 25 फीसदी तक होगी बढ़ोतरी

दशहरा बीतने के साथ ही बाजार में धनतेरस की तैयारी शुरू हो चुकी है

दशहरा बीतने के साथ ही बाजार में धनतेरस की तैयारी शुरू हो चुकी है. ऑटोमोबाइल क्षेत्र में टू-व्हीलर व फोर व्हीलर की बुकिंग शुरू हो गयी है. दशहरा से पहले देश में नये जीएसटी रेट लागू होने पर ऑटोमोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक सेक्टर में सोने पर सुहागा जैसी स्थिति बन गयी है. पिछले साल से अधिक बुकिंग व डिमांड बढ़ गयी है. विशेषज्ञों की मानें तो पिछले धनतेरस से 25 फीसदी तक और कारोबार को रेस मिलेगा.

ऑटोमोबाइल बाजार – 60 करोड़ से अधिक का होगा कारोबार

जीएसटी में छूट मिलने के बाद धनतेरस में ऑटोमोबाइल बाजार में और रौनक है. दुर्गापूजा से ही वाहनों की बुकिंग शुरू हो गयी है. अब तक 1000 से अधिक टू व्हीलर एवं 400 से अधिक फोर व्हीलर की बुकिंग कर ली गयी है. ऐसे में 4000 से अधिक गाड़ियां इस धनतेरस सड़क पर बढ़ जायेगी. धनतेरस के दिन सैकड़ों गाड़ियों की डिलिवरी से 60 करोड़ से अधिक कारोबार की संभावना है.

अलीगंज स्थित हीरो बाइक के शोरूम के जीएम कन्हैयालाल ने बताया कि जिले में अब तक 400 गाड़ियों की बुकिंग हो चुकी है. पिछले साल उनके यहां केवल 350 बाइक की बिक्री हुई थी. इस बार 450 गाड़ियों की डिलीवरी की संभावना है. उनकी कंपनी की केवल 2500 से अधिक बाइक की बिक्री होगी, जबकि अन्य कंपनी की 1500 बाइक की बिक्री होगी. केवल हीरो बाइक से 20 करोड़ से अधिक का कारोबार होगा. पिछले वर्ष से 20 फीसदी कारोबार बढ़ा है. दूसरे हीरो बाइक शोरूम के संचालक राजेश संथालिया ने बताया कि पिछले साल 200 बाइक की डिलीवरी हुई थी. इस बार 300 से अधिक बाइक की डिलीवरी होगी. सुजुकी शोरूम के संचालक मो माहताब ने बताया कि धनतेरस को लेकर 50 गाड़ियों की बुकिंग हो गयी है, जबकि 100 से अधिक की डिलीवरी होगी. जीएसटी में छूट मिलने पर पिछले साल से 15 प्रतिशत तक कारोबार बढ़ेगा. उनके यहां अधिकतर स्कूटर मॉडल की गाड़ी बुकिंग हुई है. होंडा शोरूम के संचालक अमित कुमार ने बताया कि उनके यहां अब तक 213 गाड़ियों की बुकिंग हुई है, जबकि 400 गाड़ियों की डिलीवरी होगी. वहीं बजाज शोरूम के संचालक आशीष रंजन ने बताया कि उनके यहां अब तक 137 गाड़ियों की बुकिंग हुई है. 350 गाड़ियों की डिलीवरी की संभावना है.

वहीं टाटा मोटर्स शोरूम में 185 गाड़ियों की बुकिंग हुई है, जबकि 90 गाड़ियों की डिलीवरी की संभावना है, जिससे 10 करोड़ से अधिक का कारोबार होगा. सेल्स मैनेजर संजीत पांडेय ने बताया कि 25 फीसदी तक पिछले साल से कारोबार बढ़ेगा. सभी कंपनी के फोर व्हीलर की डिमांड बढ़ गयी है. मारूति शोरूम में 200 गाड़ियों की बुकिंग हुई है, जबकि 125 गाड़ियों की डिलीवरी होगी. 12 करोड़ से अधिक का कारोबार होगा. कीया, टोयाटा कंपनी की गाड़ी भी 30 से 50 तक डिलीवरी होगी. रेनॉल्ट्स शोरूम में सेल्स मैनेजर पारिजात मिश्रा ने बताया कि 25 फीसदी से अधिक कारोबार बढ़ेगा. पिछले साल 40 गाड़ी बिकी थी. इस बार 60 गाड़ी बिकेगी. वहीं हुंडई शोरूम में 120 गाड़ियों की बुकिंग हो चुकी है. सेल्स मैनेजर नीरज कुमार ने बताया कि 60 गाड़ियों की डिलीवरी होगी. आठ करोड़ से अधिक का कारोबार होगा. महिंद्रा शोरूम के संचालक राजेश संथालिया ने बताया कि पिछले साल 100 गाड़ी बिकी थी. इस बार 150 गाड़ी बिकेगी. हरेक गाड़ी का औसत मूल्य 20 लाख रुपये है. ऐसे में उनके यहां 20 करोड़ से अधिक का कारोबार होगा. अन्य वाहन शोरूम में बुकिंग जारी है. इसके अलावा स्वराज, पावर ट्रैक ट्रैक्टर शोरूम में बुकिंग शुरू हो चुकी है. यहां पर ढेरों उपहार की घोषणा की गयी है.

जीएसटी में छूट से कारोबार बढ़ने की उम्मीद

शहर में विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में ऑफरों की बहार है. कहीं निश्चित उपहार तो कहीं हर इलेक्ट्रॉनिक सामान पर छूट का ऑफर जारी किया गया है. इलेक्ट्रॉनिक कारोबारियों का कहना है कि शहर में इलेक्ट्रॉनिक सामान के कारोबार का क्षेत्र बढ़ा है, इसलिए महानगरों के ब्रांडेड शोरूम भागलपुर में खुलने लगे हैं. इलेक्ट्रीकल कारोबारी नवनीत ढांढनिया ने बताया कि धनतेरस को लेकर मिक्सी, माइक्रोवेब ओवेन, गैस चूल्हा, जूसर, इंडेक्शन कूकर की डिमांड है. लोगों की ओर से विजीट किया जा रहा है. एक इलेक्ट्रॉनिक शोरूम के मैनेजर गंगा प्रसाद ने बताया कि मल्टी ब्रांडेड कंपनी की वाशिंग मशीन, एलइडी, फ्रीज आदि इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट उपलब्ध है. अभी से ही ग्राहक इंक्वायरी के लिए पहुंच रहे हैं और कुछ लोग अपनी पसंद की चीजों की बुकिंग भी करा रहे हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ATUL KUMAR

ATUL KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >