Bhagalpur Market Update : भागलपुर की स्थानीय मंडियों में अधिकांश खाद्य पदार्थों की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं, जबकि सर्राफा बाजार और खाद्य तेलों के दाम लगातार ऊंचे स्तर पर बने हुए हैं. व्यापारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में मांग और आपूर्ति की स्थिति के अनुसार बाजार में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है.
सर्राफा बाजार में ऊंचे स्तर पर बने हुए हैं दाम
भागलपुर के सर्राफा बाजार में पिछले एक महीने से सोना और चांदी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है. फिलहाल पिछले करीब दस दिनों से दोनों धातुओं के भाव स्थिर बने हुए हैं. बाजार में 24 कैरेट सोना 1.45 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम, 22 कैरेट सोना 1.31 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2.35 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार कर रही है.
दलहन और अनाज बाजार में कीमतें रहीं संतुलित
स्थानीय मंडियों में चना और मसूर दाल की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं, जबकि अरहर दाल 120 से 130 रुपये प्रति किलोग्राम के बीच बिक रही है. मूंग दाल 98 रुपये तथा कलाई दाल 105 से 115 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर उपलब्ध है. आटा 35 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास बिक रहा है. अनाज मंडी में कतरनी चावल गुणवत्ता के अनुसार 80 से 160 रुपये प्रति किलोग्राम तक उपलब्ध है, जबकि स्वर्णा चावल लगभग 40 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर मिल रहा है.
खाद्य तेल और चीनी के दाम में दिखी तेजी
खाद्य तेलों की कीमतों में भी बढ़ोतरी का रुख बना हुआ है. 15 लीटर वाला मंगल तेल, जो तीन माह पहले 2475 रुपये में मिल रहा था, अब बढ़कर 2930 रुपये तक पहुंच गया है. वहीं 13 लीटर रिफाइंड पाम तेल 2350 से 2450 रुपये के बीच बिक रहा है. भोजन वनस्पति का 15 किलोग्राम जार 2480 रुपये में उपलब्ध है. चीनी के 50 किलोग्राम पैकेट की कीमत भी बढ़कर 2440 रुपये हो गई है.
व्यापारियों ने जताई आगे और बदलाव की संभावना
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में शादी-विवाह का मौसम और बाजार में आपूर्ति की स्थिति कीमतों को प्रभावित कर सकती है. मांग बढ़ने की स्थिति में कुछ विशेष वस्तुओं के दाम और बढ़ने की संभावना है. फिलहाल उपभोक्ता और व्यापारी दोनों बाजार की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं.
