भागलपुर : स्थानीय मंडियों में खाद्य सामग्री के भाव में फिलहाल सीमित उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. सर्राफा बाजार में सोने की कीमत में तेजी बनी हुई है, जबकि चांदी का भाव स्थिर है. वहीं तेलहन की कीमतों में बढ़त और चीनी के भाव में थोड़ी नरमी दर्ज की गयी है. दलहन और अन्य अनाज के भाव में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है.
सोना चढ़ा, चांदी के भाव स्थिर
पिछले एक महीने से सोना-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी है. ताजा भाव के अनुसार:
- 24 कैरेट सोना: ₹1.59 लाख प्रति 10 ग्राम
- 22 कैरेट सोना: ₹1.44 लाख प्रति 10 ग्राम
- चांदी: ₹2.35 लाख प्रति किलोग्राम
सर्राफा कारोबारियों के अनुसार सोने की कीमत ऊंचे स्तर पर बनी हुई है और आने वाले दिनों में भी बाजार में बदलाव संभव है.
दलहन में चना- अरहर के भाव में तेजी
दलहन बाजार में चना और मसूर दाल का भाव फिलहाल स्थिर बताया जा रहा है. वहीं अरहर और मूंग के भाव में कुछ अंतर देखने को मिल रहा है.
| खाद्य सामग्री | भाव |
| चना व मसूर दाल | ₹72/किलो |
| अरहर दाल | ₹120-130/किलो |
| मूंग दाल | ₹98/किलो |
| कलाई दाल | ₹105-115/किलो |
| आटा | ₹35/किलो |
कतरनी चावल ₹160 किलो तक
अनाज मंडी में कतरनी चावल गुणवत्ता के अनुसार ₹80 से ₹160 प्रति किलो बिक रहा है. स्वर्णा चावल करीब ₹40 किलो है, जबकि कतरनी चूड़ा ₹110 से ₹130 प्रति किलो बिक रहा है.
चीनी के 50 किलो पैकेट का भाव पहले ₹2,300 से बढ़कर ₹3,200 तक पहुंच गया था. अब इसमें नरमी आयी है और कीमत करीब ₹2,850 प्रति 50 किलो रह गयी है.
तेलहन में लगातार बढ़त
खाद्य तेलों के भाव में तेजी बनी हुई है. 15 किलो मंगल तेल का डिब्बा तीन महीने पहले ₹2,475 था, जो बढ़कर ₹2,800 और फिर ₹2,930 तक पहुंचा. वहीं कलश तेल का भाव ₹2,950 बताया गया है.
रिफाइंड पाम तेल की कीमत 13 लीटर के लिए ₹2,350 से ₹2,450 के बीच बनी हुई है. भोजन वनस्पति का 15 किलो जार करीब ₹2,480 में उपलब्ध है.
शादी सीजन में बदल सकते हैं भाव
स्थानीय कारोबारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में शादी-ब्याह के सीजन और आपूर्ति की स्थिति के कारण कई खाद्य वस्तुओं की कीमतों में बदलाव हो सकता है. मांग बढ़ने पर कुछ विशेष उत्पादों के दाम में और तेजी आने की संभावना है.
