Bhagalpur news भक्ति व उल्लास के बीच मां सरस्वती की प्रतिमाओं का विसर्जन

सुलतानगंज प्रखंड क्षेत्र में रविवार को मां सरस्वती की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया.

सुलतानगंज प्रखंड क्षेत्र में रविवार को मां सरस्वती की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया. दिन भर विसर्जन का सिलसिला चलता रहा और देर रात तक प्रतिमा विसर्जन की संभावना जतायी गयी है. विसर्जन जुलूस में शामिल युवक अबीर-गुलाल उड़ाते मां सरस्वती के जयघोष लगाते नजर आए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा. छोटी-छोटी टोलियों में प्रतिमाओं को नदी व तालाबों तक ले जाया गया. ध्वजागली स्थित स्टूडेंट क्लब के युवाओं ने शोभायात्रा निकालकर पूरे नगर का भ्रमण कराया. क्लब के बलराम कुमार ने बताया कि यहां पिछले 26 वर्षों से मां सरस्वती प्रतिमा की स्थापना और विसर्जन की परंपरा चली आ रही है.

विधि-व्यवस्था डीएसपी ने लिया जायजा

सरस्वती प्रतिमा विसर्जन को लेकर पूरे प्रखंड में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे. लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी नवनीत कुमार के नेतृत्व में थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार सहित पुलिस बल मुस्तैद दिखे. डीएसपी ने बताया कि शांतिपूर्ण विसर्जन सुनिश्चित करने के लिए हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है. किसी भी तरह की गड़बड़ी या उपद्रव करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी.

नगरह में मां सरस्वती की प्रतिमा का विसर्जन

नवगछिया नगरह गांव में सादगीपूर्ण मां सरस्वती की प्रतिमा विसर्जन यात्रा श्रद्धा और अनुशासन के साथ निकाली गयी. विसर्जन यात्रा में काफी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया. सनातन सेवा समिति नगरह के सदस्य विहान सिंह राजपूत ने बताया कि विसर्जन यात्रा में किसी भी प्रकार के अश्लील या आपत्तिजनक गाने नहीं बजाये गये. गांव के सभी युवा एकजुट होकर पूरे उत्साह, श्रद्धा और जिम्मेदारी के साथ माता रानी की विदाई यात्रा में सक्रिय रूप से शामिल हुए.

बाल भारती विद्यालय में स्थापित मां सरस्वती की प्रतिमा का विसर्जन

नवगछिया गौशाला रोड स्थित बाल भारती विद्यालय में स्थापित मां सरस्वती की प्रतिमा का शांतिपूर्ण विसर्जन किया गया. इस अवसर पर विद्यालय परिसर में शिक्षकों, छात्रों और अभिभावकों की अच्छी मौजूदगी रही. विद्यालय प्रशासन ने इस आयोजन को बड़े धूमधाम और अनुशासन के साथ संपन्न कराया. विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों और भजन-कीर्तनसे मां सरस्वती को सम्मानित किया. कार्यक्रम में विद्यालय परिसर में साफ-सफाई और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया.

मां सरस्वती की प्रतिमाओं का विसर्जन

कहलगांव अनुमंडल के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित मां सरस्वती की प्रतिमाओं का विसर्जन शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ. सर्वप्रथम वैदिक ब्राह्मण के पूजा-अर्चना के बाद परंपरागत रूप से कलश विसर्जन किया गया. विसर्जन यात्रा में श्रद्धालु मां सरस्वती की जय नारे लगाते रहे. लोग जगह-जगह खड़े होकर विद्या की देवी को प्रणाम निवेदित करते दिखे. आयोजकों ने स्थानीय प्रशासन से चिह्नित जलाशयों में विधि-विधान के साथ प्रतिमाओं को कड़ी सुरक्षा के बीच शासन एवं प्रशासन की उपस्थिति में विसर्जित करने का सिलसिला देर रात तक चलता रहा.

शाहकुंड मुख्य बाजार, पचरुखी, हरपुर, बेलथू, सजौर, दरियापुर, माणिकपुर सहित अन्य स्थानों पर स्थापित मां शारदे की प्रतिमा को नम आंखों से छात्रों ने विदाई दी. प्रतिमा का विसर्जन शांति पूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ. छात्र डीजे के धुन पर जमकर थिरके.

दरियापुर में 101 कन्याओं को प्रसाद ग्रहण कराया

शाहकुंड मवि दरियापुर में सरस्वती पूजा पर मुखिया आलोक कुमार के नेतृत्व में 101 कन्याओं को प्रसाद ग्रहण कराया गया. मुखिया ने बताया कि कन्याओं के साथ साथ ग्रामीणों को भी प्रसाद के रूप में खिचड़ी खिलायी गयी.

खरीक साह च्वाइस क्लब के तत्वावधान में कार्तिक स्थान पर स्थापित मां सरस्वती की प्रतिमा का विसर्जन रविवार को देर शाम कर दी गयी. भक्ति गीतों, ढोल-नगाड़ों और जयकारों से वातावरण गूंज उठा. मां सरस्वती की प्रतिमा का विसर्जन जुलूस चैती दुर्गा मंदिर, बड़ी काली मंदिर होते विश्वकर्मा चौक से कलबलिया धार तक निकाला. प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का पुख्ता इंतज़ाम किया गया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: JITENDRA TOMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >