bhagalpur news. सबौर और लैलख स्टेशन के बीच ट्रेन से गिर कर गोड्डा निवासी छात्र की मौत

ट्रेन से गिर कर गोड्डा जिले के ठाकुर गंगटी कजरेल गांव निवासी विभाष पोद्दार के पुत्र अंकुश कुमार (17) की मौत हो गयी है.

सबौर और लैलख रेलवे स्टेशन के बीच ट्रेन से गिर कर गोड्डा जिले के ठाकुर गंगटी कजरेल गांव निवासी विभाष पोद्दार के पुत्र अंकुश कुमार (17) की मौत हो गयी है. घटना मंगलवार देर शाम की है. रेल पुलिस ने बुधवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है. पिता विभाष पोद्दार ने बताया कि वह राजस्थान से घर आ रहा था. इसी क्रम में नवगछिया रेलवे स्टेशन पर उसका पुत्र उसे लेने आया था. नवगछिया के वे लोग मिर्जाचौकी जाने के लिए सबौर रेलवे स्टेशन पहुंचे. सबौर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में वे लोग सवार हुए थे. ट्रेन में किसी तरह गेट के पास ही खड़े रहने की जगह मिली थी. ट्रेन खुल चुकी थी. पिता ने बताया कि ट्रेन रफ्तार पकड़ चुकी थी.अत्यधिक भीड़ होने के कारण उसने अपने बेटे को पकड़ रखा था. लेकिन भीड़ से एकाएक धक्का लगा और उसका पुत्र ट्रेन से नीचे गिर गया. लैलख पहुंच कर फिर सबौर आये अंकुश के पिता अंकुश के पिता घटना का जिक्र करते हुए रो पड़ते हैं. विभाष ने बताया कि उसके सामने उसका पुत्र ट्रेन से गिर गया लेकिन वह कुछ नहीं कर सका. वह चलती ट्रेन से कूदना चाहते थे लेकिन लोगों ने उसे रोक लिया. फिर ट्रेन लैलख स्टेशन पर रुकी और स्टेशन पर उतर कर वह फिर से सबौर पहुंचे. सबौर पहुंचने के बाद पता चला कि गिरने से उसके पुत्र की मौत हो गयी है. परिजनों ने बताया कि मैट्रिक पास कर अंकुश झारखंड के साहेबगंज में रह कर इंटर की पढ़ाई करता था. पिछले दिनों वह 12वीं की वार्षिक परीक्षा भी दे चुका था. परीक्षा देने के बाद वह खाली था, इसलिए वह अपने सगे संबंधियों के यहां घूमता था. जब उसे पता चला कि उसके पिता राजस्थान से आने वाले हैं तो अपने पिता को लेने नवगछिया पहुंच गया. परिजनों ने बताया कि अंकुश काफी मिलनसार और गंभीर लड़का था. वह अपने पिता का इकलौता पुत्र था. घटना के बाद सभी परिजन गहरे सदमे में हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nishi ranjan thakur

निशिरंजन ठाकुर मुख्यधारा की पत्रकारिता में 25 वर्षों से अधिक समय से सक्रिय. साहित्यिक विषयों में भी गहरी रूचि. खबरों में तथ्य के साथ मानवीय संवेदना और भाषा की सादगी को अहम मानते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >