bhagalpur news. बिना सुरक्षा के पीजी गर्ल्स हॉस्टल में रह रही छात्राएं, बढ़ी परेशानी

पटना में नीट छात्रा की हॉस्टल में मौत मामले को लेकर सरकार एक्शन के मूड में है

पटना में नीट छात्रा की हॉस्टल में मौत मामले को लेकर सरकार एक्शन के मूड में है. साथ ही बिहार के सभी गर्ल्स हॉस्टल के लिए सख्त नियम बनाये गये हैं. महिला वार्डन की 24 घंटे ड्यूटी व सीसीटीवी कैमरा को अनिवार्य किया है. दूसरी तरफ टीएमबीयू पीजी गर्ल्स हॉस्टल की छात्राएं बिना सुरक्षा के ही हॉस्टल में रह रही है. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर छात्राओं ने विवि प्रशासन के अधिकारी को आवेदन भी दिया है. साथ ही महिला वार्डन ने भी हॉस्टलों में सुरक्षा व्यवस्था कराने के लिए रजिस्ट्रार को आवेदन दिया है. दरअसल, विवि प्रशासन ने निजी सुरक्षा गार्ड को एजेंसी को वापस कर दिया है. ऐसे में विवि प्रशासनिक भवन, संबंधित इकाई, प्रोफेसर लालबाग कॉलोनी, गर्ल्स हॉस्टल, लाइब्रेरी, पीजी विभाग, परीक्षा विभाग में निजी सुरक्षा गार्ड नहीं है. ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगा है.

विवि से सुरक्षा बल व मानव बल को हटाया

टीएमबीयू, संबंधित इकाई आदि जगहों से एजेंसी के माध्यम से कार्यरत निजी सुरक्षा गार्ड व मानव बल को हटा दिया है. इस बाबत छह फरवरी को रजिस्ट्रार प्रो रामाशीष पूर्वे ने सामंता सिक्यूरिटी एजेंसी को पत्र भेजा है. इसमें कार्य नहीं करने की सूचना दी है. उन्होंने वर्ष 2025 के 15 अक्तूबर के पत्र का हवाला भी दिया है. विवि से छह फरवरी को जारी पत्र में एजेंसी से कहा कि विवि कार्यरत सुरक्षा गार्ड व मानव बल से कार्य नहीं लिया जा रहा है. उक्त तिथि को प्रभावी मानते हुए एजेंसी के सभी सुरक्षा गार्ड एवं मानव बल को कार्य से सेवा मुक्त समझा जाये. अब किसकी की उपस्थिति मान्य नहीं होगा.

छात्रा असुरक्षित है, गार्ड की व्यवस्था कराने की मांग

लालबाग प्रोफेसर कॉलोनी स्थित पीजी गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली छात्राएं असुरक्षित है. ऐसे में सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था कराने की मांग की है. इसे लेकर हॉस्टल की छात्राओं ने अधीक्षक, वार्डन डीएसडब्ल्यू, प्रॉक्टर व रजिस्ट्रार को लिखित आवेदन दिया है. छात्राओं ने कहा कि दिन में छह व रात में चार सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था कराने की मांग की है. उधर, हॉस्टल की वार्डन डॉ इंदू कुमारी ने भी रजिस्ट्रार को आवेदन लिखकर तीन शिफ्ट में सुरक्षा गार्ड मुहैया कराने की मांग की है. कहा कि हॉस्टलों में सुरक्षा व्यवस्था नहीं है. ऐसे में छात्राओं को परेशानी हो रही है.

प्रभात नॉलेज

लालबाग प्रोफेसर कॉलोनी स्थित कुल पांच गर्ल्स हॉस्टल हैं. इसमें करीब तीन सौ से अधिक छात्राएं रहती हैं. विवि में पीजी सेमेस्टर वन व थ्री की परीक्षा चल रही है. ऐसे में सुरक्षा को लेकर उन छात्राओं को परेशानी हो रही है.

कोट

गर्ल्स हॉस्टलों में सुरक्षा की व्यवस्था कराने के लिए सोमवार को अधिकारियों के साथ बैठक होगी. सुरक्षा को लेकर वैकल्पिक व्यवस्था निकाला जायेगा. छात्राओं की सुरक्षा को लेकर विवि थाना के अध्यक्ष से बात कर हॉस्टल कैंपस की तरफ गश्ती बढ़ाने के लिए कहा गया है. सुरक्षा को लेकर थानाध्यक्ष से लगातार संपर्क में हैं.

प्रो एसडी झा, प्रॉक्टर टीएमबीयू

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >