बांका में मजदूर को तो नवगछिया में पिकअप ट्रक ने छात्रा को कुचला, मौत

भागलपुर रेंज के दो अलग इलाकों में हुए सड़क हादसों में घायल हुए दो लोगों की मौत सोमवार को इलाज के दौरान मायागंज स्थित जेएलएनएमसीए में हो गयी.

संवाददाता, भागलपुर

भागलपुर रेंज के दो अलग इलाकों में हुए सड़क हादसों में घायल हुए दो लोगों की मौत सोमवार को इलाज के दौरान मायागंज स्थित जेएलएनएमसीए में हो गयी. अस्पताल प्रबंधन द्वारा बरारी पुलिस को पीआइ सौंपे जाने के बाद कागजी प्रक्रिया शुरू की. पंचनामा तैयार करने और परिजनों का फर्द बयान लेने के बाद दोनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए नौलखा कोठी भेज दिया गया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

केस 1. सुबह पूजा करने जा रही मां बेटी को पिकअप ने रौंदा, छात्रा की मौत

भागलपुर जिला के नवगछिया स्थित बिहपुर महंत स्थान में सोमवार सुबह पौने छह बजे पूजा करने जा रही मां बेटी को पिकअप ट्रक ने रौद दिया. घटना के बाद घायल अंजनी देवी और उनकी 23 वर्षीय पुत्री अन्नू को प्राथमिक इलाज के लिए बिहपुर पीएचसी ले जाया गया. जहां से दोनों को मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया. मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान कुछ ही घंटे के बाद अन्नू की मौत हो गयी. मृतका के पिता ने बताया कि धक्का मरने वाले पिकअप को पुलिस ने जब्त कर लिया है. हालांकि चालक मौके से फरार हो गया. उन्होंने बताया कि धक्का मारकर भागने के क्रम में पिकअप चालक ने कुछ और लोगों को भी ठोकर मारी थी. इसके बाद लोगों ने पिकअप को पकड़ लिया. छात्रा ने इसी साल ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की थी, वहीं घायल मां की स्थिति गंभीर बनी हुई है.

केस 2. साइकिल से भूसा बेचने जा रहे मजदूर को अज्ञात वाहन ने कुचला

बांका जिला के धौरैया थाना क्षेत्र के रजौन मुख्य मार्ग पर रविवार देर शाम अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार को कुचल दिया था. घटना के बाद मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने घायल को पहले स्थानीय पीएचसी में भर्ती कराया. उसकी स्थिति गंभीर देख देर रात ही घायल को जेएलएनएमसीएच रेफर कर दिया गया. घायल की पहचान नवगछिया के खरीक थाना क्षेत्र के तुलसीपुर गांव निवासी 57 वर्षीय मजदूर विशुनदेव यादव के रूप में हुई. डायल 112 की टीम ने इस बात की जानकारी परिजनों को भी दी. मायागंज अस्पताल पहुंच परिजनों ने घायल का इलाज करवाना शुरू किया. इलाज के दौरान सोमवार को विशुनदेव यादव की मौत हो गयी. परिजनों ने बताया कि विशुनदेव मजदूरी कर घूम घूम कर भागलपुर और आसपास के जिलों में साइकिल से भूसा बेचता था. रविवार को वह बांका जिला के मलधारा स्थित अपने संबंधी के पास गया था. वहां से वह साइकिल से ही बांका के लिए निकला था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >