भागलपुर: गंगा-कोसी के तेवर हुए तल्ख, खतरे के निशान के पार पहुंची गंगा; नवगछिया में तटबंधों पर बढ़ा भारी दबाव

भागलपुर जिले में गंगा और कोसी नदियों के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हो रही है, जिससे दियारा और तटबंधों से सटे इलाकों में चिंताएं बढ़ गई हैं. इस्माईलपुर-बिंद टोली में गंगा खतरे के निशान को पार कर चुकी है, जबकि कोसी नदी भी चेतावनी स्तर से ऊपर बह रही है. प्रशासन सतर्क है और अगले 48 घंटे महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं.

भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल में गंगा और कोसी नदियों के जलस्तर में एक बार फिर तेजी से वृद्धि दर्ज की जा रही है. लगातार बढ़ते पानी ने दियारा और तटबंध से सटे इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंताएं बढ़ा दी हैं. रविवार सुबह जल संसाधन विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, इस्माईलपुर-बिंद टोली में गंगा खतरे के निशान को पार कर गई है, जबकि कोसी नदी भी चेतावनी स्तर से ऊपर बह रही है. बाढ़ नियंत्रण विभाग ने फिलहाल सभी तटबंधों को सुरक्षित बताया है, लेकिन पानी का दबाव लगातार बढ़ रहा है.

इस्माईलपुर-बिंद टोली और राघोपुर में गंगा का कहर

चार प्रमुख गेज स्थलों की रिपोर्ट ने नदियों के बढ़ते दबाव की स्थिति को पूरी तरह साफ कर दिया है. गंगा के जलस्तर में 24 घंटे के भीतर जबरदस्त उछाल देखा गया है:

  • इस्माईलपुर-बिंद टोली: स्पर संख्या-07 पर गंगा का जलस्तर 24 घंटे में 26 सेंटीमीटर बढ़कर 31.66 मीटर पर पहुंच गया है. यह 31.60 मीटर के खतरे के निशान से 6 सेंटीमीटर ऊपर है. यहां नदी का पानी तटबंध के 'टो' (निचले हिस्से) को छू रहा है.
  • राघोपुर: यहां 25 सेंटीमीटर की वृद्धि के साथ जलस्तर 32.60 मीटर हो गया है, जो चेतावनी स्तर (32.68 मीटर) से महज 8 सेंटीमीटर नीचे है. काजीकोरैया-राघोपुर मार्जिनल बांध के कई हिस्सों में भी पानी 'टो' तक पहुंच गया है.

कोसी के जलस्तर में भी लगातार हो रही वृद्धि

गंगा के साथ-साथ कोसी नदी भी अपने उफान पर है और चेतावनी स्तर को पार कर चुकी है:

  • मदरौनी: कोसी का जलस्तर 20 सेंटीमीटर बढ़कर 30.65 मीटर दर्ज किया गया है. यह 30.48 मीटर के चेतावनी स्तर से 17 सेंटीमीटर ऊपर है. हालांकि, यहां पानी अभी तटबंध के 'टो' से दूर है.
  • जेबी चोरहर: कोसी 15 सेंटीमीटर की वृद्धि के साथ 30.90 मीटर पर पहुंच गई है, जो चेतावनी स्तर से 13 सेंटीमीटर ऊपर है. यहां नगरपारा तटबंध और बगजान जमींदारी बांध के कई स्थानों पर पानी 'टो' को छूने लगा है.

निचले इलाकों में घुसा बाढ़ का पानी, अलर्ट मोड पर प्रशासन

नदियों के जलस्तर में हो रही इस लगातार वृद्धि के कारण रंगरा प्रखंड के कलबलिया धार और गोपालपुर के ब्रह्मोत्तर धार में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है और निचले इलाकों में फैल रहा है.

हालात फिलहाल सामान्य हैं और जल संसाधन विभाग ने सभी तटबंधों को सुरक्षित घोषित किया है. हालांकि, तटबंधों के 'टो' को पानी छूने वाले स्थानों की संख्या बढ़ने से विभाग सतर्क हो गया है. अगले 24 से 48 घंटे बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं, जिसके लिए संवेदनशील बिंदुओं पर चौबीसों घंटे निगरानी, पर्याप्त फ्लड फाइटिंग सामग्री और त्वरित बचाव दल की तैनाती अनिवार्य हो गई है. लापरवाही की अब कोई गुंजाइश नहीं है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vipin Thakur

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >