पीरपैंती थाना क्षेत्र के मनरोही गांव के पास बाइक सवार अपराधियों ने शेरमारी गांव के पूर्व फौजी दिलीप कुमार झा के पुत्र ऋषभ झा (30) की गोली मार कर हत्या कर दी है. घटना सोमवार रात आठ बजे की है. ऋषभ अपने दोस्त सौरभ उर्फ मयंक के साथ घूमने निकला था. इसी दौरान अपराधियों ने उसे पेट में गोली मार दी. ऋषभ के दोस्त ने पहले उसे पीरपैंती रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे जेएलएनएमसीएच मायागंज रेफर किया गया. मायांगज में मंगलवार की सुबह इलाज के क्रम में ऋषभ की मृत्यु हो गयी. परिजनों का आरोप था कि ऋषभ के दोस्तों द्वारा घटना की बाबत उनलोगों को अनभिज्ञ रखा गया. मंगलवार की सुबह पुलिस ने ऋषभ के दोस्त सौरभ उर्फ मयंक को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने उसका मोबाइल भी जब्त कर लिया है. पुलिस पूछताछ कर रही है. इधर बरारी थाना पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है. पीरपैंती पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. घटना के बारे में जो सौरभ ने बताया सौरभ ने बताया कि सोमवार की शाम ऋषभ ने उसे फोन किया और घर पर मिलने बुलाया. सौरभ ऋषभ के घर पहुंचा. वहां पर दोनों ने भुट्टा खाया. फिर मोटरसाइकिल से दोनों दोस्त घूमने निकल गये. सौरभ ने घटना से पहले एक दुकानदार से तीन हजार रुपये लेने और साथ में सिगरेट पीने तक की कहानी बतायी. सौरभ ने बताया कि रात्रि आठ बजे के करीब वे दोनों बाइक में पेट्रोल लेने जा रहे थे. इसी दौरान मनरोही तीन मुहानी के पास एक पुराने स्पेंडर मोटरसाइकिल से दो लोग सामने से आ रहे थे. दोनों ने उसे रुकने का इशारा किया. लेकिन उसकी बाइक पहले से ही काफी धीमी गति से चल रही थी, वह रुका नहीं. सामने से आ रहा बाइक सवार जब करीब पहुंचा तो उसने गोली चला दी. आवाज भी हुई. बाइक सवार दोनों लोग फरार हो गये थे. तभी ऋषभ ने सौरभ से कहा कि उसके पेट में गोली लग गयी है और काफी दर्द कर रहा है. सौरभ ने बताया कि घटना की सूचना उसने दोस्तों को दी और चार चक्का वाहन से ऋषभ को पीरपैंती अस्पताल पहुंचाया. जहां से उसे भागलपुर रेफर किया गया. सौरभ को शक है, अपराधियों के टारगेट पर मैं था सौरभ ने बताया कि वह प्रोपर्टी डिलिंग का काम करता है. इस कारण उसके कई दुश्मन हैं. हो सकता है अपराधी उसे मारने की फिराक में हो. लेकिन दोनों ने टी शर्ट पहन रखी थी. अपराधी पहचान नहीं पाया हो गोली उसके बदले ऋषभ को ही गोली मार दिया हो. परिजनों का आरोप, घटना को लेकर झूठ बोलता रहा सौरभ सौरभ के पिता पूर्व फौजी दिलीप कुमार झा ने बताया कि रात्रि 8.30 बजे तक जब उसका पुत्र घर नहीं पहुंचा तो उनलोगों ने ऋषभ के मोबाइल पर फोन किया. फोन सौरभ ने उठाया लेकिन उसने घटना के बारे में झूठी जानकारी दी. वह बार बार घटना को ले कर बरगलाता रहा. जब वे लोग मायागंज अस्पताल पहुंच गये तो उसे बीमार होने की जानकारी दी. इसके बाद वे लोग रात्रि डेढ़ बजे अस्पताल पहुंचे तो देखा कि ऋषभ ओटी में है. इलाज के क्रम में सुबह उसकी मृत्यु हो गयी. पिता ने बताया कि उसके पुत्र का कोई ज्ञात दुश्मन नहीं था. लेकिन वह अच्छे दोस्तों के संगत में नहीं था. पिता ने बताया कि पिछले दिनों गांव में ही मेला लगा था. मेले में ऋषव ने अपने दोस्तों के साथ ठंडा और लस्सी का काउंटर लगाया था. दो दिन पहले ऋषभ मोबाइल से किसी से बात कर रहा था कि तुमको तुम्हारा पैसा दे दिया गया है. अब किसी का पैसा मेरे पास नहीं है. पिता का कहना है कि पुत्र किससे बात कर रहा था, उसे नहीं पता. मेले में ठंडा ओर लस्सी के काउंटर में सौरभ भी एक पार्टनर था. परिजनों को भी घटना में सौरभ की भूमिका पर संदेह है. दूसरी तरफ गांव में यह भी चर्चा है कि खुद अपनी ही गोली से ऋषभ घायल हुआ है. बहरहाल सच्चाई पुलिस जांच के बाद सामने आयेगा. कोट घटना के बाद सभी बिंदुओं को ध्यान में रख कर छानबीन की जा रही है. मृतक के दोस्त सौरभ की भूमिका संदेहास्पद है. पुलिस पूछताछ कर रही है. मामले की छनबीन जारी है. जल्द ही दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी. शैलेंद्र सिंह, सिटी एसपी, भागलपुर.
bhagalpur news. पीरपैंती में अपराधियों ने पूर्व फौजी के पुत्र को मारी गोली, मौत
पीरपैंती थाना क्षेत्र के मनरोही गांव के पास बाइक सवार अपराधियों ने शेरमारी गांव के पूर्व फौजी दिलीप कुमार झा के पुत्र ऋषभ झा (30) की गोली मार कर हत्या कर दी है.
