तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं के लिए बुधवार का दिन खुशी से भरा रहा. विवि प्रशासन ने स्नातक सत्र 2023-27 सेमेस्टर वन के जिन विद्यार्थियों के रिजल्ट में एनईपी लगा है, उन्हें शपथ पत्र के साथ सेमेस्टर पांच का परीक्षा फॉर्म भरने की अनुमति दे दी है.
साथ ही कॉलेजों को भी इस संबंध में पत्र भेज दिया है. साथ ही विवि व कॉलेजों में परीक्षा फॉर्म भरने को लेकर तीन दिनों से चल रहे हंगामा व सड़क जाम पर विराम लग गया है. इससे पहले विभिन्न कॉलेजों के छात्र-छात्राओं व संगठन के छात्र नेता टीएमबीयू पहुंचे. विवि प्रशासनिक भवन के सामने धरना पर बैठ गये. मामले को लेकर विवि के अधिकारी ने दोपहर एक बजे तक का समय मांगा.
पूरे मामले में परीक्षा नियंत्रक प्रो विनोद कुमार ओझा ने प्रभारी कुलपति प्रो विमलेंदु शेखर झा से बात की. प्रभारी कुलपति ने शपथ पत्र के साथ परीक्षा फॉर्म भरने की अनुमति दी. इसे लेकर रजिस्ट्रार कार्यालय में कार्यवाहक कुलपति प्रो सुदामा यादव की अध्यक्षता में उक्त मामले को लेकर अधिकारियों की आपात बैठक हुई. सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि एनईपी लगे रिजल्ट वाले छात्र-छात्राओं को शपथ पत्र के साथ परीक्षा फॉर्म भरेंगे. विवि के अधिकारियों ने धरना पर बैठे छात्र-छात्राओं से वार्ता कर इसकी जानकारी दी. बैठक में रजिस्ट्रार प्रो रामाशीष पूर्वे, प्रॉक्टर डॉ मुकेश कुमार सिंह, डीएसडब्ल्यू प्रो अर्चना साह, डॉ केके मंडल, डॉ राजीव सिंह, नोडल परीक्षा नियंत्रक डॉ गौतम कुमार यादव आदि मौजूद थे.
परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि बढ़ायी स्नातक सेमेस्टर पांच के परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि बढ़ा दी गयी है. विवि से जारी पत्र में कहा कि अब बिना विलंब शुल्क के 16 मई तक कॉलेजों में परीक्षा फॉर्म जमा लिया जायेगा. जबकि विलंब शुल्क के साथ 17 से 19 मई तक फॉर्म भरायेगा. परीक्षा फॉर्म भरने को लेकर 17 मई यानी रविवार को भी कॉलेज खुला रहेगा. उधर, विवि के रजिस्ट्रार प्रो रामाशीष पूर्वे ने कहा कि सभी कॉलेजों को शपथ पत्र छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क दिया जाना है. इस एवज में विद्यार्थियों से कोई पैसा नहीं लेना है.विवि पहले निर्णय लेता, तो कार्य नहीं होती बाधित
विवि प्रशासन हमेशा से हंगामा व विवि लगातार बंद होने के बाद ही निर्णय लेने में सक्षम हो पाता है. विवि के एक पूर्व अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि तीन दिन से विवि व कॉलेजों में छात्र-छात्राओं का हंगामा हो रहा था, लेकिन उग्र होने पर विवि प्रशासन अपने पुराने निर्णय में यू-टर्न लेते हुए छात्रहित में फैसला सुनाता है. ऐसे में तीन दिन तक चले हंगामा से विवि प्रशासनिक भवन में कई महत्वपूर्ण कार्य समय से नहीं हो पाया. दूर-दराज से आने वाले विद्यार्थियों का काम नहीं हो सका. दूसरी तरफ कॉलेजों में भी जरूरी कार्य पूरी तरह बाधित रहा.
परीक्षा फॉर्म भराने को लेकर कई छात्र संगठनों ने किया हंगामा सेमेस्टर पांच का परीक्षा फॉर्म भराने को लेकर कई छात्र संगठनों ने हंगामा किया. इसमें छात्र राष्ट्रीय लोक मोर्चा (छात्र रालोमो), छात्र राजद, एबीवीपी, छात्र जदयू सहित कई कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने रिजल्ट में लगे एनईपी वाले विद्यार्थियों को सेमेस्टर पांच का परीक्षा फॉर्म भरने देने की मांग कर रहे थे.सेमेस्टर वन व टू क्लियर नहीं होने पर रद्द होगा रिजल्ट
विवि के प्रॉक्टर डॉ मुकेश कुमार सिंह ने कहा कि शपथ पत्र में विद्यार्थियों को स्वयं लिखकर देना है कि स्नातक सेमेस्टर वन व टू परीक्षा में अगर क्लियर नहीं होता है. उनका सेमेस्टर पांच के परीक्षा का रिजल्ट रद्द कर दिया जायेगा. विद्यार्थियों को परीक्षा फॉर्म के साथ-साथ आधार कार्ड का छाया प्रति भी लगा कर देने होंगे.
