Bhagalpur news स्वच्छ सर्वेक्षण में सुलतानगंज को टॉप रैंकिंग दिलाने की कवायद

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में सुलतानगंज नगर परिषद को शीर्ष रैंकिंग दिलाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाएगा.

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में सुलतानगंज नगर परिषद को शीर्ष रैंकिंग दिलाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाएगा. इसके तहत वार्ड स्तर पर स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता, जनभागीदारी कार्यक्रम और मूल्यांकन आधारित गतिविधियों को प्राथमिकता दी जाएगी. यह जानकारी मंगलवार को नगर परिषद सभागार में आयोजित सामान्य बोर्ड की बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) कृष्ण भूषण कुमार ने दी. बैठक की अध्यक्षता मुख्य पार्षद राजकुमार गुड्डू ने की. ईओ ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण के दौरान नगर परिषद के कार्यों का बारीकी से मूल्यांकन होगा, इसलिए सभी वार्डों में योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने की जरूरत है. उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी की सहभागिता से ही सुलतानगंज को टॉप रैंकिंग तक पहुंचाया जा सकता है. सामान्य बोर्ड की बैठक में स्वच्छता, पेयजल, नगर विकास और जनसुविधाओं से जुड़े कई अहम निर्णय लिए गए.

इस दौरान गत बैठक की संपुष्टि के दौरान पार्षदों ने शहर की ज्वलंत समस्याओं को बोर्ड के समक्ष रखा. पार्षदों ने जलजमाव, पेयजल संकट, सफाई व्यवस्था में सुधार और वेंडिंग जोन निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया. वेंडिंग जोन निर्माण को लेकर ईओ ने त्वरित निष्पादन का निर्देश देते हुए कहा कि इसका बेहतर इंप्लीमेंटेशन कराया जाएगा. साथ ही शहर के सभी बिजली पोल का काउंटिंग कराने और टोल फ्री नंबर जारी करने का निर्णय लिया गया, ताकि शिकायतों का त्वरित समाधान हो सके. मुख्य पार्षद ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों के साथ आम नागरिकों की भागीदारी बेहद जरूरी है. उन्होंने नल-जल योजना के अंतर्गत कनेक्शन के अनुपात में हो रहे राजस्व संग्रह की जानकारी रखने पर जोर दिया, जिसे प्रस्ताव में शामिल किया गया. गणतंत्र दिवस की तैयारियों पर भी बैठक में चर्चा हुई.

बैठक में पार्षदों ने 2100 रुपये स्वच्छता शुल्क लिए जाने के मामले में ईओ ने बताया कि शुल्क वसूली का प्रावधान है, लेकिन विगत वर्षों का शुल्क नहीं लिए जाने के कारण लगभग ढाई करोड़ रुपये बकाया हैं. जय माता दी शौचालय के एकरारनामा को लेकर पार्षद विभूति कुमार विकल ने आपत्ति जताते हुए इसे रद्द करने की मांग की. हालांकि, मामला न्यायालय में लंबित बताया गया. डीप बोरिंग निर्माण के लिए चिह्नित स्थलों का शीघ्र एनओसी लेने की मांग की गई. वार्ड पार्षद सरिता देवी ने योजना पट पर मुख्य व उपमुख्य पार्षद के साथ पार्षद का नाम अंकित करने की मांग रखी. वहीं उपमुख्य पार्षद नीलम देवी ने कहा कि उनके प्रस्तावों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए, सभी के सामूहिक प्रयास से ही सुलतानगंज का विकास संभव है. बैठक में मुख्य पार्षद, उपमुख्य पार्षद, कार्यपालक पदाधिकारी सहित सभी वार्ड पार्षद, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Jitendra tomar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >