Dr Ashish Sinha Bengaluru Conference: हार्ट फेलियर जैसी गंभीर हृदय संबंधी बीमारी के उपचार और नवीनतम चिकित्सा पद्धतियों पर चर्चा के लिए 13 एवं 14 जून को बेंगलुरु में आयोजित होने वाले हार्ट फेलियर सोसाइटी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय सम्मेलन में भागलपुर के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ आशीष सिन्हा अपने विचार रखेंगे. सम्मेलन में देशभर के कार्डियोलॉजिस्ट और चिकित्सा विशेषज्ञ भाग लेंगे.
डॉ आशीष सिन्हा सम्मेलन के दौरान हार्ट फेलियर के उपचार, रोग प्रबंधन और मरीजों की देखभाल से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर व्याख्यान देंगे. चिकित्सा क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए उन्हें इस राष्ट्रीय मंच पर आमंत्रित किया गया है.
दो दशक से हार्ट फेलियर मरीजों का कर रहे उपचार
डॉ आशीष सिन्हा पिछले करीब 20 वर्षों से भागलपुर स्थित केके नर्सिंग होम में एंड-स्टेज हार्ट फेलियर से पीड़ित मरीजों का इलाज कर रहे हैं. उनके पिता प्रो. डॉ ए.के. सिन्हा के साथ यह संस्थान वर्ष 1978 से क्षेत्र के लोगों को आधुनिक और वैज्ञानिक हृदय चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करा रहा है.
बढ़ रही है हार्ट फेलियर की समस्या
विशेषज्ञों के अनुसार भारत में लगभग एक प्रतिशत आबादी हार्ट फेलियर से प्रभावित है. चिंताजनक बात यह है कि बड़ी संख्या में लोगों को इस बीमारी की जानकारी तक नहीं होती. आंकड़ों के मुताबिक 65 से 79 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 10 प्रतिशत लोगों में हार्ट फेलियर की समस्या देखी जाती है, जबकि 80 वर्ष से अधिक आयु के करीब 20 प्रतिशत लोग इससे प्रभावित होते हैं.
नई गाइडलाइंस से मरीजों को मिलेगा लाभ
सम्मेलन के दौरान हार्ट फेलियर के उपचार से संबंधित नई चिकित्सा गाइडलाइंस और शोध निष्कर्षों पर चर्चा होगी. विशेषज्ञों का मानना है कि इससे मरीजों के बेहतर उपचार, समय पर पहचान और प्रभावी प्रबंधन में मदद मिलेगी. चिकित्सा जगत की नजर इस सम्मेलन से निकलने वाले सुझावों और सिफारिशों पर टिकी हुई है.
