12 से 16 अगस्त तक छाए रहेंगे घने बादल, कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 12 से 16 अगस्त के बीच बिहार में घने बादलों के छाए रहने और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश की भविष्यवाणी की है. गया, रोहतास, नवादा और कैमूर जिलों में भारी वर्षा का अनुमान है. किसानों को धान की रोपाई और खाद के उपयोग पर विशेष सलाह दी गई है.

भागलपुर : भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 12 से 16 अगस्त के दौरान बिहार के अधिकांश हिस्सों में आसमान में घने बादल छाए रहने की संभावना है. इस अवधि में जिले के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने और हल्की वर्षा होने का अनुमान है. वहीं गया, रोहतास, नवादा और कैमूर जिले में 15 और 16 अगस्त के दौरान भारी वर्षा होने की भी संभावना जतायी गयी है.

पूर्वानुमान अवधि में अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 80 से 85 प्रतिशत तथा दोपहर में 60 से 65 प्रतिशत रह सकती है. इस दौरान 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पूरबा हवा चलने का अनुमान है.

धान की फसल को लेकर किसानों को सलाह

ग्रामीण कृषि मौसम सेवा, बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर की ओर से किसानों को मौसम के मद्देनजर कृषि कार्यों को लेकर सलाह जारी की गयी है. किसानों को धान की सुगंधित किस्मों की रोपाई प्राथमिकता के आधार पर करने की सलाह दी गयी है.

धान रोपे गये खेतों में 10 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर की दर से शैवाल संवर्धन का प्रयोग करने तथा खेत में पानी का जमाव बनाए रखने को कहा गया है. जुलाई महीने में रोपे गये धान में नत्रजन यानी यूरिया का उपरिवेशन करने की सलाह दी गयी है. धान की रोपाई के 45 से 50 दिन बाद यूरिया की दूसरी मात्रा देने को कहा गया है.

यह सलाह ग्रामीण कृषि मौसम सेवा, बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के नोडल पदाधिकारी डॉ. वीरेंद्र कुमार की ओर से जारी की गयी है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ललित किशोर मिश्र

ललित किशोर मिश्र प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से व डिजिटल माध्यम में पिछले 3 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, रेलवे और परिहवन में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >