गोपालपुर (भागलपुर) से विपिन ठाकुर की रिपोर्ट
Katihar Barauni Rail Line: कटिहार–बरौनी रेलखंड पर पैसेंजर ट्रेनों की अनुपलब्धता का सीधा असर दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, स्थानीय व्यापारियों और इलाज के लिए बाहर जाने वाले मरीजों पर पड़ रहा है. यात्रियों की सबसे बड़ी शिकायत यह है कि जो चार जोड़ी ट्रेनें फिलहाल चल भी रही हैं, वे अक्सर घंटों लेट लतीफ रहती हैं, जिससे कामकाजी लोगों का समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचना नामुमकिन हो जाता है.
एक्सप्रेस ट्रेनों का स्टॉपेज न होने से बढ़ी मुश्किलें
नवगछिया स्टेशन से बिहार की राजधानी पटना सहित दरभंगा, मुजफ्फरपुर और भागलपुर जैसे बड़े शहरों के लिए सीधी और सुविधाजनक मेमू या फास्ट पैसेंजर ट्रेन नहीं है. इसके कारण लोगों को मजबूरी में महंगे सड़क मार्ग का सहारा लेना पड़ता है. वहीं, इस रेलखंड के छोटे और मध्यम श्रेणी के स्टेशनों पर अधिकांश एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव (स्टॉपेज) नहीं होने के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और असहाय मरीजों को यात्रा के दौरान सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है.
इन चार रूटों पर नई ट्रेनें चलाने की उठी मांग
रेल यात्रियों और स्थानीय नागरिकों की लगातार बढ़ रही संख्या को देखते हुए रेल मंत्रालय से निम्नलिखित रूटों पर शीघ्र नई मेमू और फास्ट पैसेंजर ट्रेनें संचालित करने की पुरजोर मांग की गई है:
- कटिहार–दरभंगा मेमू: (वाया नवगछिया–मानसी–रुसेरा घाट)
- कटिहार–भागलपुर मेमू: (दैनिक यात्रियों के लिए अत्यंत आवश्यक)
- कटिहार–पटना फास्ट पैसेंजर: (वाया नवगछिया–मानसी–खगड़िया–बेगूसराय–न्यू बरौनी–मोकामा)
- कटिहार–मुजफ्फरपुर मेमू: (वाया बेगूसराय–बरौनी)
जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने किया समर्थन
इस जनहित की मांग को लेकर क्षेत्र के कई प्रमुख नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी रेल प्रशासन पर दबाव बनाना शुरू कर दिया है. पूर्व सांसद सह वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल यादव, आजाद हिंद मोर्चा के अध्यक्ष राजेंद्र यादव, स्टेशन सलाहकार समिति के सदस्य सह भाजपा नेता मुकेश राणा, तथा भागलपुर जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष सह गोपालपुर के पूर्व प्रत्याशी शीतल प्रसाद सिंह निषाद ने सामूहिक रूप से सुर मिलाया है.
Katihar Barauni Rail Line: सामाजिक और आर्थिक विकास को मिलेगी गति
नेताओं का स्पष्ट कहना है कि इन नई ट्रेनों के परिचालन से न केवल नवगछिया, बल्कि पूरे कटिहार–बरौनी रेलखंड के लाखों यात्रियों को एक सुलभ, सस्ती और बेहतर रेल सुविधा मिलेगी. सुचारू रेल संपर्क होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बड़े शहरों में शिक्षा प्राप्त करने, व्यापारियों को व्यापार फैलाने और स्थानीय सामाजिक-आर्थिक विकास को भी एक नई गति मिल सकेगी.
भागलपुर की ख़बरों को पढने के लिए यहाँ क्लिक करें !
