Bhagalpur : स्टेशन के पास मिला अज्ञात शव, हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

नवगछिया रेलवे स्टेशन परिसर में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब प्लेटफार्म नंबर-2 के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया. रेलवे रोड पश्चिमी क्षेत्र स्थित आरपीएफ बैरक के समीप सड़क किनारे शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलने पर जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है.

नवगछिया, भागलपुर से प्रतिनिधि की रिपोर्ट :

स्थानीय लोगों ने शुक्रवार अहले सुबह प्लेटफार्म नंबर-2 के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा. शव आरपीएफ बैरक के बगल में सड़क किनारे था. लोगों ने तुरंत इसकी सूचना जीआरपी थाना और आरपीएफ को दी. सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और पुलिस टीम मौके पर पहुंची.

घटना की जानकारी मिलते ही नवगछिया थाना अध्यक्ष रवि शंकर सिंह भी अपनी टीम के साथ पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेज दिया.

जेब से मिले कागजात से पहचान की कोशिश

पुलिस की शुरुआती जांच में शव के पास से एक पर्स बरामद हुआ है. पर्स में कुछ जरूरी दस्तावेज और कागजात मिले हैं. अब पुलिस इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान करने में जुटी हुई है.

थाना प्रभारी रवि शंकर सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान कर उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई.

हादसा, आत्महत्या या अपराध? हर एंगल पर जांच शुरू

मामले को लेकर कई तरह की आशंकाएं जतायी जा रही हैं. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह कोई रेल हादसा है, आत्महत्या का मामला है या फिर इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश छिपी हुई है.पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और स्टेशन परिसर के संभावित सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं.घटना के बाद स्टेशन इलाके में लोगों के बीच चर्चा का माहौल बना हुआ है. हर कोई यह जानने को उत्सुक है कि आखिर मृतक कौन था और उसकी मौत कैसे हुई.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit kumar sinh

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >