bhagalpur news. गरैया चौक पर मोमोज दुकानदार को अपराधियों ने मारी गोली

परबत्ता थाना क्षेत्र के 14 नंबर रोड स्थित गरैया चौक पर मंगलवार की शाम बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने एक मोमोज दुकानदार को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया

परबत्ता थाना क्षेत्र के 14 नंबर रोड स्थित गरैया चौक पर मंगलवार की शाम बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने एक मोमोज दुकानदार को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घायल युवक की पहचान इस्माईलपुर थाना क्षेत्र के छोटी परबत्त निवासी अखिलेश मंडल के पुत्र सौरव के रूप में की गयी है. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया.

घटना के संबंध में घायल के भाई गौरव कुमार ने बताया कि वह और उसका भाई भागलपुर में मोमोज बेचने का काम करते हैं. किसी व्यक्ति से बकाया रुपये लेना था, जिसके लिए दोनों एक दोस्त के साथ बाइक से गरैया चौक पहुंचे थे. गौरव ने बताया कि वह रुपये मांगने के लिए गया था, जबकि उसका भाई सौरव बाइक के पास दोस्त के साथ खड़ा था. इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए दो अज्ञात अपराधियों ने सौरव पर गोली चला दी.

गौरव के अनुसार गोली लगते ही सौरव जमीन पर गिरकर तड़पने लगा. अपराधी घटना को अंजाम देने के बाद तेजी से पल्सर बाइक से फरार हो गए. घायल को तत्काल दोस्त की मदद से बाइक पर बैठाकर अनुमंडल अस्पताल नवगछिया लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज किया. बाद में स्थिति गंभीर होने पर उसे पूर्णिया रेफर कर दिया गया. घायल के भाई ने बताया कि गरैया चौक हमने दोनों अपराधी को देखा था. उन दोनों ने मुंह पर गमछा लपेट लिया था, इसलिए पहचान नहीं सके.

घटना की सूचना मिलते ही परबत्ता थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल के भाई का बयान दर्ज किया. इसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई. पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है. वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है. साथ ही घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र का डंप डाटा निकालकर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. थानाध्यक्ष अश्विनी कुमार ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Atul kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >