Bhagalpur news शिक्षक को मारने से पहले अपराधी गिरफ्तार

पुलिस ने प्रीवेंटिव पुलिसिंग के तहत हत्या की साजिश रच रहे दो अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया.

पीरपैंती थाना परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एसडीपीओ-2 पंकज कुमार ने जानकारी दी कि पीरपैंती पुलिस ने प्रीवेंटिव पुलिसिंग के तहत हत्या की साजिश रच रहे दो अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया. 18 जनवरी को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक शिक्षक को मारने की सुपारी दो अपराधियों को दिया गया है. सूचना मिलते ही पीरपैंती थाना पुलिस ने कार्रवाई प्रारंभ की और इस संबंध में कांड संख्या 32/2026 सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी की दर्ज की. वरीय पुलिस प्राधिकारियों के निर्देश पर एसडीपीओ 2 के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया और छापेमारी की गयी. छापेमारी में सत्यम कुमार और कमल कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया. थाने लाकर दोनों अपराधियों से पूछताछ की गयी. उनकी निशानदेही पर रेलवे अंडरपास के समीप झाड़ी से एक लोडेड कट्टा बरामद कर लिया गया. छापेमारी दल में स्वयं थानाध्यक्ष नीरज कुमार, सुनील कुमार, प्रमोद कुमार सिंह सहित अन्य सिपाही शामिल थे. वहीं एसडीपीओ 2 पंकज कुमार ने बताया कि पुलिस आगे भी क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए सतर्कता और सख्त कार्रवाई जारी रखेगी.

सुपर किंग्स ने इंडियंस को सात विकेट से हराया

अकबरनगर एपीएल सीजन-दो के फाइनल मुकाबले में सुपर किंग्स ने इंडियंस को सात विकेट से पराजित कर शील्ड पर कब्जा जमाया. सोमवार को मैच का उद्घाटन नगर पंचायत मुख्य पार्षद किरण देवी ने फीता काट कर किया. टॉस जीत कर सुपर किंग्स ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया. इंडियंस की टीम निर्धारित 16 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर मात्र 121 रन ही बना सकी. लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुपर किंग्स की टीम ने शानदार बल्लेबाजी कर 13.5 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया. मैच में विजेता और उपविजेता टीमों को मुख्य पार्षद किरण देवी, थानाध्यक्ष राहुल कुमार, नप अध्यक्ष प्रतिनिधि अंजीत कुमार, अशोक साह एवं रामप्रवेश यादव ने ट्रॉफी और नकद राशि देकर सम्मानित किया. मौके पर पार्षद पूनम देवी, शंकर दास, पिंटू कुमार, विजय प्रसाद यादव, दीपक मौजूद थे.

हाइवा की टक्कर से ट्रक खाई में गिरा, उपचालक जख्मी

भागलपुर से आ रहे एक ट्रक को पीछे से तेज रफ्तार हाइवा ने धक्का मार दिया, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में गिर गया. घटना अकबरनगर थाना क्षेत्र के खेरैहिया हाई स्कूल समीप रविवार देर रात हुई. टक्कर मारने के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. हादसे में ट्रक का उपचालक जख्मी हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल मायागंज अस्पताल भागलपुर भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. घटना के बाद कुछ देर तक सड़क पर अफरातफरी मची रही. सूचना मिलने पर अकबरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त ट्रक को हटवा कर यातायात बहाल कराया. पुलिस फरार हाइवा और उसके चालक की तलाश में जुटी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Jitendra tomar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >