थाना क्षेत्र के एक गांव के प्रेमी–प्रेमिका की प्रेम कहानी उस वक्त अचानक वायरल हो गया, जब दोनों परिवार से छिप कर पड़ोसी गांव के बहियार में रिंग सेरेमनी करने पहुंचे. शीतला स्थान के समीप सुनसान जगह पर दोनों एक-दूसरे को अंगूठी पहनाने ही वाले थे कि बहियार में काम कर रहे लोगों की नजर उन पर पड़ गयी. देखते ही देखते बात आग की तरह फैल गयी. आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गये. भीड़ ने दोनों को घेर लिया और किसी तरह की अनहोनी से बचाने के लिए शीतला स्थान मंदिर में ही उनकी शादी करा दी. ग्रामीणों ने बताया कि भीड़ बढ़ने के बाद स्थिति बिगड़ सकती थी, इसलिए शांतिपूर्ण माहौल में शादी कराने का फैसला लिया गया और दोनों को अपने संरक्षण में रखा गया. सूचना मिलते ही सुलतानगंज पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और प्रेमी–प्रेमिका को थाना ले गयी. थाना में दिये बयान में दोनों ने बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से एक-दूसरे से प्रेम करते हैं. गांव में चल रही रिंग सेरेमनी की परंपरा से प्रेरित होकर दोनों ने सुलतानगंज बाजार से आर्टिफिशियल अंगूठी खरीदी. शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे दोनों अपने घरों से चुपके से निकल कर बहियार पहुंचे थे, लेकिन ग्रामीणों ने देख लिया और शोर मचा दिया, जिसके बाद भीड़ इकट्ठी हो गयी. थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के परिजनों को सूचना दे दी गयी है. परिजन आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जायेगी.
नप के रिटायर होने वाले सफाई कर्मी का निधन
नप सुलतानगंज में शुक्रवार का दिन गमगीन माहौल में बीता. नप मुख्य पार्षद राजकुमार गुड्डू ने बताया कि सफाई कर्मी दयामंती देवी (59) के आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही कार्यालय में शोक की लहर दौड़ गयी. दयामंती देवी दिसंबर में सेवानिवृत्त होने वाली थीं, लेकिन उससे ठीक पहले उनके निधन ने सभी को स्तब्ध कर दिया. वह अपने कार्य के प्रति हमेशा समर्पित रहीं और नगर की स्वच्छता व्यवस्था में उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा. उनके निधन पर शोक व्यक्त करते शुक्रवार को नप के समस्त कार्य स्थगित कर दिये गये. मुख्य पार्षद सहित पार्षद सुभाष मंडल, संजय कुमार चौधरी, नवीन कुमार बन्नी तथा कार्यालय के अन्य कर्मियों ने श्रद्धांजलि अर्पित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा. नप में कामकाज शनिवार से पुनः सामान्य रूप से शुरू होगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
