Nagar Nigam Strike: भागलपुर. नगर निगम कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल सोमवार को पांचवें दिन भी जारी रही. आंदोलनरत कर्मचारियों ने सुबह से विरोध प्रदर्शन करते हुए नगर निगम प्रशासन पर उनकी मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया. दिनभर धरना, प्रदर्शन और मोटरसाइकिल रैली के माध्यम से कर्मचारियों ने अपना विरोध दर्ज कराया.
तातारपुर गोदाम से शुरू हुआ प्रदर्शन
सुबह बड़ी संख्या में नगर निगम कर्मचारी तातारपुर स्थित निगम गोदाम पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया. इसके बाद सफाईकर्मियों सहित सभी आंदोलनकारी नगर निगम कार्यालय पहुंचे और पहले से चल रहे धरना कार्यक्रम में शामिल हुए.
शहर में निकाली मोटरसाइकिल रैली
धरना के बाद कर्मचारियों ने मोटरसाइकिल रैली निकालकर अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया. रैली नगर निगम कार्यालय से निकलकर मनाली चौक, कोर्ट कैंपस, कचहरी चौक, घंटाघर, भगत सिंह चौक, वेरायटी चौक होते हुए स्टेशन चौक तक पहुंची. पूरे मार्ग में कर्मचारी अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते रहे.
स्टेशन चौक पर सभा कर दोहराई मांगें
स्टेशन चौक पर रैली सभा में बदल गई. यहां कर्मचारियों ने निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है. वक्ताओं ने तीन सूत्री मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग दोहराई.
वार्ता नहीं होने से बढ़ा आक्रोश
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे अध्यक्ष विकास हरि ने कहा कि अब तक न तो नगर निगम प्रशासन और न ही किसी अन्य स्तर से वार्ता शुरू करने की पहल की गई है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द बातचीत शुरू नहीं हुई तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा.
स्पष्टीकरण पत्र नहीं मिलने का दावा
Nagar Nigam Strike: विकास हरि ने बताया कि उनसे और जलकल शाखा के मनोज चौधरी से स्पष्टीकरण मांगा गया है, लेकिन संबंधित पत्र अब तक उन्हें प्राप्त नहीं हुआ है. उनका कहना है कि सभी कर्मचारी हड़ताल पर हैं, इसलिए पत्र रिसीव करने वाला भी कोई नहीं है. ऐसे में पत्र प्राप्त किए बिना उसका जवाब देना संभव नहीं है.
