ईरान के साथ इजराइल व अमेरिका के युद्ध से भागलपुर में साइड इफैक्ट जारी है. भागलपुर में कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की किल्लत और बढ़ी कीमतों से होटल, रेस्टोरेंट और शादियों में खान-पान की व्यवस्था पर संकट गहरा गया है. सीमित आपूर्ति के कारण एक-दो से अधिक सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है. इससे शादियों में कैटरिंग और होटल का संचालन मुश्किल हो गया. इतना ही नहीं बुकिंग भी 50 फीसदी तक घट गयी है. पेट्रोलियम पदार्थ खासकर एलपीजी की किल्लत जारी है और इसका असर यहां के जनजीवन पर पड़ रहा है. शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रेस्टोरेंट व होटल का शटर गिरता जा रहा है.
बूढ़ानाथ रोड स्थित विवाह भवन संचालक ओमप्रकाश मंडल ने बताया कि भागलपुर में 200 से अधिक छोटे-बड़े विवाह भवन हैं, जहां विवाह व अन्य आयोजन होते हैं. बूढ़ानाथ मंदिर परिसर में एक-एक दिन में 15 से अधिक जोड़े की शादी होती है. कॉमर्शियल सिलिंडर नहीं मिलने के कारण विवाह भवन की बुकिंग घट गयी है. ऐसे में 50 फीसदी तक कारोबार घटने की संभावना है.
रेस्टोरेंट व विवाह भवन में लगने लगा कोयले का चूल्हा
अधिकतर विवाह भवन में अब कोयला वाला चूल्हा विकल्प के रूप में लगाया जा रहा है, जो कि पहले हटा दिया गया था. गैस की किल्लत के कारण कोयला की व्यवस्था करनी होगी. प्रदूषण के साथ परेशानी बढ़ गयी है. करण होटल के मैनेजर छोटू प्रसाद ने बताया कि अब तक किसी तरह से होटल के ग्राहकों की डिमांड पूरी कर पा रहे थे. पहले ही आधा व्यंजन बंद कर दिये. एक दिन बाद सभी व्यंजन तैयार करना मुश्किल है. यहां कोयला वाला चूल्हा लगाने की सुविधा नहीं है. ऐसे में 60 फीसदी से अधिक कारोबार प्रभावित होगा. होटल के स्टाफ का वेतन देना मुश्किल हो जायेगा.
मंगलम होटल के मैनेजर संतोष झा ने बताया कि कोयला का चूल्हा लगा लिया गया है. यहां पर कोयला से व इंडक्शन पर सभी तरह के व्यंजन को तैयार करना मुश्किल हो रहा है. इससे 50 फीसदी तक कारोबार प्रभावित हुआ है.
17 को है बेटी की रिंग सेरेमनी, बढ़ सकती है परेशानी बरारी सीढ़ी घाट के अवकाश प्राप्त बैंक प्रबंधक कुमार चंचल ने बताया कि उनकी बेटी की रिंग सेरेमनी 17 अप्रैल को एक बड़े होटल में है. अब समय नजदीक आने पर मैनेजर द्वारा एलपीजी सिलिंडर कमी का हवाला दिया जा रहा है. सारी व्यवस्था होटल को करना है. टेंशन हो गया है कि दूर से रिजर्वेशन कराकर सगे-संबंधी आ रहे हैं. ऐसे में कोई दिक्कत नहीं हो और सम्मान को ठेस नहीं पहुंचे.भागलपुर में कॉमर्शियल सिलिंडर नहीं हो पा रहा है उपलब्ध
एक गैस एजेंसी के मैनेजर इंदूभूषण झा ने बताया कि भागलपुर कॉमर्शियल सिलिंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है. जो स्टाॅक में था, उसे होटल-रेस्टोरेंट व अन्य जुड़े लोगों को उपलब्ध कराया गया. घरेलू सिलिंडर की कोई किल्लत नहीं है. हां जो नियम बने हैं, उसके अनुसार उपभोक्ताओं को अनुपालन करना होगा.
