मारवाड़ी कॉलेज में लंबे समय से निर्मित महिला विंग का उपयोग अब शीघ्र ही छात्रों की पढ़ाई एवं महाविद्यालय के अन्य कार्यों के लिए किया जा सकेगा. प्राचार्य प्रो संजय कुमार झा ने नवनिर्मित भवन में वर्गाध्यापन की अनुमति मांगी थी. इस बाबत विवि के प्रभारी कुलपति प्रो विमलेंदु शेखर झा के आदेश पर रजिस्ट्रार प्रो रामाशीष पूर्वे ने कॉलेज के प्राचार्य को पत्र भेजा है. इसमें नवनिर्मित भवन सह महिला विंग में वर्गाध्यापन कार्य शुरू करने का निर्देश दिया है. रजिस्ट्रार ने पत्र में स्पष्ट कहा कि कॉलेज के महिला विंग का पूर्ण अधिकार प्राचार्य के अधीन है. विवि की तरफ से किसी प्रकार का हस्तक्षेप नहीं किया जायेगा. पत्र में कहा कि छात्रहित को ध्यान में रखते हुए महिला विंग में कक्षाओं का संचालन शीघ्र प्रारंभ किया जाये, ताकि छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सके. बता दें कि कॉलेज परिसर में ही महिला विंग का भवन तैयार हो चुका था, लेकिन विभिन्न कारणों से उसका समुचित उपयोग नहीं किया जा रहा था. इसे लेकर टीएमबीयू अतिथि शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ आनंद आजाद ने छात्रहित को लेकर लगातार मुद्दा उठाया जा रहा था. उन्होंने विवि व कॉलेज प्रशासन को भी आवेदन देकर मामले से अवगत कराया था.
प्रभाग में महिलाओं से जुड़े कोर्स की पढ़ाई हो सकती
मारवाड़ी पाठशाला बित्ती कमेटी के सज्जन किशोरपुरिया ने कहा कि महिला विंग में वर्गाध्यापन का कार्य गलत होगा. महिला प्रभाग का निर्माण बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के साथ किया गया है. उस प्रभाग में सिर्फ महिलाओं से जुड़े कोर्स की ही पढ़ाई हो सकती है. कहा कि विवि के निर्देश पर कॉलेज पढ़ाई शुरू करती है, तो वित्ती कमेटी व विवि के बीच हुए एग्रीमेंट का उल्लंघन माना जायेगा.
