घर लौट रहे सीमेंट कंपनी के गोदाम मैनेजर की सड़क हादसे में मौत, बारिश में बाइक हुई असंतुलित

भागलपुर में सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई. तेज बारिश के कारण बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे यह हादसा हुआ. युवक एक सीमेंट कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत था.

भागलपुर : बाइपास थाना क्षेत्र में सेंट टेरेसा स्कूल के पास शनिवार देर रात सड़क हादसे में इशाकचक शिवपुरी कॉलोनी निवासी रितेश कुमार (23) की मौत हो गयी. रितेश टेकानी गांव स्थित एक सीमेंट कंपनी के गोदाम में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे. शनिवार रात गोदाम का काम खत्म करने के बाद वह अपने एक सहयोगी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान तेज बारिश के बीच बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गयी.

हादसे में रितेश और उनके सहयोगी गंभीर रूप से घायल हो गये. आसपास के लोगों की मदद से दोनों को इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया.

इलाज के दौरान रितेश ने तोड़ा दम

अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों घायलों का इलाज शुरू किया. देर रात इलाज के दौरान रितेश कुमार की मौत हो गयी. वहीं उनके सहयोगी का इलाज अस्पताल में जारी है.

परिजनों के अनुसार, रितेश पिछले करीब ढाई वर्षों से सीमेंट कंपनी में काम कर रहे थे. वह रोजाना की तरह शनिवार रात भी गोदाम का काम समाप्त कर बाइक से घर लौट रहे थे. परिजनों का कहना है कि सेंट टेरेसा स्कूल के पास सड़क की स्थिति खराब थी और तेज बारिश भी हो रही थी, जिसके कारण बाइक असंतुलित हुई और हादसा हो गया.

परिजनों ने सड़क की खराब स्थिति को हादसे की प्रमुख वजह बताते हुए सड़क की मरम्मत की मांग की है.

दो भाइयों में बड़े थे रितेश

रितेश दो भाइयों में बड़े थे. उनके पिता पायलिंग ठेकेदारी के काम से जुड़े हैं. छोटे भाई सौरभ कुमार ने बताया कि रितेश से परिवार को काफी उम्मीदें थीं. उनके अचानक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

रितेश की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजन गहरे सदमे में थे. घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है.

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

घटना की जानकारी मिलने के बाद बरारी थाना पुलिस मायागंज अस्पताल पहुंची. पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया. रविवार दोपहर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

पुलिस के अनुसार, मामले में प्राथमिकी ट्रैफिक थाने में दर्ज की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ऋषव मिश्रा कृष्णा

ऋषव मिश्रा कृष्णा प्रिंट माध्यम में पिछले 22 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. फिल्म, शिक्षा और गीत लेखन में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >