भाजपा एमएलसी का बोर्ड लगी कार जब्त, छुड़ाने देर रात तक कोई नहीं पहुंचा

अतिक्रमण के खिलाफ चला जोरदार अभियान.

– निगम प्रशासन ने अवैध पार्किंग वाली गाड़ियों पर दिखायी सख्ती, 23 फोर व्हीलर को जब्त, वसूला 45, 200 रुपये जुर्माना

जाम से राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने सोमवार को सड़क पर व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया. अभियान शहर के व्यस्त इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और फुटपाथों को पैदल यात्रियों के लिए खाली कराने के उद्देश्य से संचालित किया गया. कार्रवाई के दौरान अवैध पार्किंग और फुटपाथ के व्यावसायिक उपयोग पर सख्ती दिखायी गयी है. इसी क्रम में 23 फोर व्हीलर को जब्त किया गया है, जिसमें एक गाड़ी पर भाजपा एमएलसी का बोर्ड लगा है और यह गाड़ी डॉ एनएच यादव के क्लिनिक के सामने खड़ी थी और अवैध पार्किंग के आरोप में जब्त किया गया है. जब्त 22 गाड़ियों से जुर्माना वसूल कर छोड़ दिया गया. सिर्फ भाजपा एमएलसी बोर्ड लगी गाड़ी के लिए देर रात तक किसी ने संपर्क नहीं किया है. वहीं, अतिक्रमण शाखा प्रभारी जय प्रकाश यादव ने भी बताया कि वह किसी नेता की गाड़ी है, यह संज्ञान में नहीं है और अबतक उनसे किसी ने संपर्क नहीं किया है. उन्होंने बताया कि न्यूनतम पांच हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया जायेगा, इसके बाद ही गाड़ी छोड़ी जायेगी.

प्रमुख मार्गों पर चला अभियान

अभियान की शुरुआत मनाली चौक से हुई, जिसके बाद टीमें तिलकामांझी, कचहरी चौक, स्टेशन रोड और खलीफाबाग सहित कई भीड़भाड़ वाले इलाकों में पहुंची. अतिक्रमण शाखा प्रभारी जय प्रकाश यादव के नेतृत्व में टीमों ने सड़क किनारे खड़े वाहनों की जांच की. इस दौरान वाहनों पर कार्रवाई करते हुए कुल 45,200 रुपये जुर्माना वसूला गया.

जब्ती और जुर्माने की कार्रवाई

अभियान के दौरान चार वाहनों को जब्त कर लाजपत पार्क लाया गया. नगर निगम ने स्पष्ट किया कि सड़क की सफेद पट्टी के बाहर खड़े वाहनों पर 2,000 रुपये और लंबे समय से सड़क घेरकर खड़े लावारिस वाहनों पर 5,000 रुपये तक जुर्माना लगाया जा रहा है.

व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी अब रडार पर

जांच में कई होटल, अस्पताल और दुकानों द्वारा फुटपाथ और पार्किंग स्थल के व्यावसायिक उपयोग की बात सामने आयी है. निगम प्रशासन ऐसे प्रतिष्ठानों को चिन्हित कर नोटिस भेजने की तैयारी में है. तिलकामांझी मछली मार्केट के पास कुछ लोगों ने विरोध भी जताया, लेकिन सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में कार्रवाई पूरी की गयी. नगर निगम ने चेतावनी दी है कि सड़क और फुटपाथ पर अवैध कब्जे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु रह सके और आम लोगों को राहत मिले.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Kali kinker mishra

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >