Underpass Dispute: भागलपुर के भीखनपुर स्थित शंटिंग लाइन के पास रेलवे द्वारा निर्माणाधीन अंडरपास परियोजना के दौरान सोमवार को प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने को लेकर विवाद हो गया. रेलवे की ओर से गार्डर लांचिंग के लिए रास्ता खाली कराया जा रहा था. इसी क्रम में बजरंगबली की प्रतिमा को हटाने के दौरान उसका दायां हाथ क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गयी.
गार्डर लांचिंग की तैयारी के दौरान हुई घटना
रेलवे की ओर से भीखनपुर स्थित शंटिंग लाइन के पास अंडरपास का निर्माण कराया जा रहा है. निर्माण स्थल के समीप बजरंगबली और शिव मंदिर स्थित हैं. गार्डर लांचिंग के लिए रास्ता साफ करने के उद्देश्य से रेलवे के कर्मियों ने बजरंगबली की प्रतिमा को हटाकर पास में रखने का प्रयास किया. इसी दौरान प्रतिमा का दायां हाथ क्षतिग्रस्त हो गया.
स्थानीय लोगों ने किया विरोध
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और रेलवे की कार्रवाई का विरोध करने लगे. लोगों ने प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने पर नाराजगी जताते हुए हंगामा किया, जिससे कुछ समय के लिए निर्माण कार्य प्रभावित हो गया.
पुलिस और आरपीएफ ने कराया मामला शांत
सूचना मिलने पर इशाकचक थाना पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया. इसके बाद बजरंगबली की प्रतिमा को रेलवे की जमीन पर ही दूसरे स्थान पर स्थापित कराया गया.
शिव मंदिर को लेकर भी हुआ विवाद
Underpass Dispute: स्थानीय लोगों ने बजरंगबली की प्रतिमा के पास शिव मंदिर की प्रतिमा भी स्वयं स्थापित कर दी. हालांकि रेलवे अधिकारियों ने इस पर आपत्ति जताई. एईएन ने संबंधित जमीन को निर्माण कार्य के लिए आवश्यक बताते हुए आपत्ति दर्ज कराई. बाद में स्थानीय लोगों ने पहल करते हुए दोनों मंदिरों को भविष्य में निजी जमीन पर स्थायी रूप से स्थापित कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद करीब एक घंटे तक चला विवाद समाप्त हो गया.
