बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित बीसीए मेंस सीनियर वन डे ट्रॉफी के अंतर्गत सैंडिस कंपाउंड में खेले गये लीग मुकाबले में भागलपुर मेन्स सीनियर टीम ने लखीसराय मेन्स सीनियर को 206 रनों के विशाल अंतर से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की. टॉस जीतकर भागलपुर की टीम बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में पांच विकेट खोकर 353 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. भागलपुर की ओर से विकास यादव ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 150 गेंदों पर नाबाद 159 रनों की विस्फोटक पारी खेली. उनकी पारी में 16 चौके और दो छक्के शामिल रहे. बासुकीनाथ मिश्रा ने 60 गेंदों पर 71 रन बनाये, जिसमें छह चौके और तीन छक्के शामिल थे. वहीं सूर्या ने मात्र 19 गेंदों पर 38 रनों की तेज पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया.
लखीसराय की ओर से रवि सिंह और प्रणय कुमार ने दो-दो विकेट हासिल किये. 354 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखीसराय की टीम भागलपुर की घातक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 32.2 ओवरों में 147 रनों पर सिमट गयी. रवि सिंह ने 34 रन और आयुष विजय रंजन ने 31 रन बनाकर कुछ संघर्ष किया, लेकिन टीम को बड़ी हार से नहीं बचा सके. भागलपुर की ओर से सचिन कुमार ने छह ओवर में 39 रन देकर चार विकेट झटके और मैच का रुख पूरी तरह मोड़ दिया. सूर्या और कुणाल ने भी दो-दो विकेट लेकर जीत को सुनिश्चित किया.विकाश यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. मैच में अंपायर की भूमिका में वेद प्रकाश व अमरिंदर पांडेय रहे. स्कोरर के रूप में अंकित अमित राज व शिवम कुमार ने जिम्मेदारी निभायी. वहीं ऑब्जर्वर के रूप में एनसीए लेवल-टू और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के कोच संजय कुमार उपस्थित थे.
