गोराडीह थाना क्षेत्र के कोतवाली-भागलपुर मुख्य मार्ग पर गुरुवार शाम विरनौध चौक के समीप एक बेलगाम हाइवा की चपेट में आने से साइकिल सवार छात्र की मौके पर ही मौत हो गयी. मृतक की पहचान विरनौध गांव निवासी एतवारी के 13 वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार के रूप में हुई है. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कोतवाली-भागलपुर मुख्य मार्ग जाम कर दिया. जानकारी के अनुसार, आदित्य अपने घर से साइकिल पर ट्यूशन पढ़ने जा रहा था. इसी दौरान विरनौध चौक के निकट तेज रफ्तार हाइवा ने उसे रौंद दिया. उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. हादसे के बाद चालक वाहन छोड़ कर फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही गोराडीह पुलिस मौके पर पहुंची और हाइवा तथा छात्र के शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है. परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. बड़े वाहनों के लिए नो-एंट्री लगाने की मांग इधर, घटना से नाराज ग्रामीणों ने बांस-बल्ला लगाकर कोतवाली-भागलपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस मार्ग पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं, बावजूद इसके प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है. ग्रामीणों ने भारी वाहनों के परिचालन पर नो-एंट्री लागू करने की मांग की. इसके अलावा सड़क किनारे ऑटो और टोटो के अनियंत्रित खड़े होने पर भी नाराजगी जतायी. उनका कहना था कि वाहन चालक सड़क के किनारे जहां-तहां ऑटो और टोटो खड़े कर देते हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है. दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. ग्रामीणों ने प्रशासन से इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की. सड़क सुरक्षा के प्रभावी और स्थायी कदम उठाने की मांग की है. बता दें कि इस मार्ग पर आये दिन हादसा होता रहता है. पिछले एक वर्ष में एक दर्जन से अधिक लोगों की सड़क हादसे में मौत हो चुकी है. हाइवा जब्त, चालक व मालिक की हो रही पहचान घटनास्थल पर पहुंचे गोराडीह थानाध्यक्ष दीपक पासवान तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जाम तोड़वाया. करीब डेढ़ घंटे तक चले जाम के बाद आवागमन सामान्य हो सका. थाना अध्यक्ष और जनप्रतिनिधियों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया. थाना अध्यक्ष दीपक पासवान ने बताया कि हाइवा को जब्त कर लिया गया है. उसके चालक तथा मलिक की पहचान की जा रही है. पहचान के बाद कार्रवाई की जाएगी.
bhagalpur news. हाइवा की चपेट में आने से छात्र की मौत, ग्रामीणों ने किया रोड जाम
गोराडीह थाना क्षेत्र के कोतवाली-भागलपुर मुख्य मार्ग पर गुरुवार शाम विरनौध चौक के समीप एक बेलगाम हाइवा की चपेट में आने से साइकिल सवार छात्र की मौके पर ही मौत हो गयी.
