कहलगांव(भागलपुर) से असद अशरफी की रिपोर्ट.
Bhagalpur News: भागलपुर जिले के कहलगांव अनुमंडल अंतर्गत रसलपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक विवाहिता का शव कुएं से मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. मृतका की पहचान चन्नो गांव निवासी 20 वर्षीय मिरचो कुमारी के रूप में हुई है. परिजनों का आरोप है कि पति के बुलाने के बाद वह घर से निकली थी, लेकिन देर रात उसका शव गांव के पास स्थित एक कुएं से बरामद हुआ. घटना के बाद परिवार ने पति समेत तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
पति के बुलाने के बाद घर से निकली थी विवाहिता
परिजनों के अनुसार मिरचो कुमारी की शादी करीब दो वर्ष पहले सनोखर थाना क्षेत्र के वालीपुर सोहायल निवासी परमानंद यादव से हुई थी. दंपती की एक छोटी बेटी भी है. कुछ समय से मिरचो अपने मायके चन्नो गांव में रह रही थी.
परिजनों का कहना है कि मंगलवार को उसके पति ने फोन कर उसे मिलने के लिए बुलाया था. इसके बाद वह घर से निकली, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी.
चप्पल मिली तो बढ़ी आशंका, फिर कुएं से मिला शव
जब मिरचो देर रात तक घर नहीं पहुंची तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की. खोजबीन के दौरान गांव के पास स्थित बगीचे में उसकी चप्पल मिली. इससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई.
आसपास तलाश करने पर पास के कुएं में उसका शव दिखाई दिया. सूचना मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.
पति समेत तीन लोगों पर हत्या का आरोप
घटना के बाद मृतका के पिता गणेश यादव ने रसलपुर थाना में आवेदन देकर अपनी बेटी की हत्या का आरोप उसके पति समेत तीन लोगों पर लगाया है. उनका कहना है कि यह सामान्य घटना नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है.
हालांकि आरोपों की पुष्टि अभी जांच के बाद ही हो सकेगी.
Bhagalpur News: पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे होगी कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही रसलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की.
रसलपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है. परिजनों की ओर से मिले आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई.
