वेतन वृद्धि, अवकाश और पीएफ सुविधा की मांग; दूसरी बार आंदोलन पर उतरे सुरक्षाकर्मी
भागलपुर से ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट:
Bhagalpur news: जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने सोमवार को सामूहिक कार्य बहिष्कार कर अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में धरना-प्रदर्शन किया. सामानता सिक्योरिटी इंटेलिजेंस सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी अस्पताल परिसर में जुटे और अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की.
सुरक्षाकर्मियों ने बताया कि करीब 10 दिन पूर्व भी उन्होंने अपनी मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार किया था. उस समय संबंधित अधिकारियों और एजेंसी प्रबंधन ने समस्याओं के समाधान के लिए 10 दिनों का समय मांगा था. अधिकारियों के आश्वासन पर आंदोलन को स्थगित कर दिया गया था और सभी सुरक्षाकर्मी अपने कार्य पर लौट गए थे.
सुरक्षाकर्मियों का आरोप है कि तय समय सीमा समाप्त होने के बावजूद उनकी मांगों के समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. इससे नाराज होकर उन्होंने सोमवार को दोबारा कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया. प्रदर्शन के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने वेतन वृद्धि, नियमित अवकाश, वर्दी और पीएफ जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग दोहराई.
कार्य बहिष्कार के कारण अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है. जेएलएनएमसीएच में प्रतिदिन हजारों मरीज और उनके परिजन पहुंचते हैं. ऐसे में सुरक्षा कर्मियों की अनुपस्थिति से अस्पताल परिसर में व्यवस्था बनाए रखने में परेशानी हो सकती है. खासकर ओपीडी, इमरजेंसी, वार्डों तथा अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं के संचालन पर असर पड़ने की संभावना व्यक्त की जा रही है.
प्रदर्शन कर रहे सुरक्षाकर्मियों ने कहा कि वे लंबे समय से अपनी समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा.
वहीं अस्पताल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.
