Bhagalpur News: विक्रमशिला सेतु पथ पर लगी भीषण आग, 13 परिवारों के घर जलकर राख

Bhagalpur News: भागलपुर जीरोमाइल से विक्रमशिला सेतु पहुंच पथ पर स्थित टीओपी के सामने भीषण आग लग गयी. सड़क किनारे झोपड़ी बनाकर रह रहे 13 परिवारों का घर जलकर राख हो गया. हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. घटना सुबह करीब 10 बजे की है. आग लगते ही स्थानीय लोगों ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी.

Bhagalpur News: विक्रमशिला सेतु के पास लगी आग की सूचना पुलिस ने तत्काल अग्निशमन विभाग को दी. तब तक एक निजी अस्पताल के छोटे दमकल वाहन से अस्पताल कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया था. इसके बाद अग्निशमन पदाधिकारी नागेन्द्र उपाध्याय और अग्निशमन अधिकारी बास्की राय के नेतृत्व में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. पांच छोटे और पांच बड़े दमकलों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. आग इतनी भीषण थी कि अगर समय पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा नुकसान हो सकता था. आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है. पीड़ितों ने आशंका जताई कि कूड़े के ढेर में फेंकी गई सिगरेट की चिंगारी से आग लगी होगी.

अगलगी की इस घटन में इंदु देवी, मुन्नी देवी, दीपक डोम, मनीषा देवी, काजल देवी, शिवानी देवी, मुस्कान देवी, कल्पना देवी, सूरज मलिक, अंजनी देवी, मुन्नी देवी (पति रामजी मलिक), गूंजा देवी और पूजा देवी का घर जलकर राख हो गया. नगर निगम के अधिकारियों और वार्ड सदस्य प्रतिनिधि नंद गोपाल ने मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन किया. बताया गया कि 25 लाख रुपये से अधिक की क्षति हुई है.

पीड़ितों ने बताया कि उनके घरों में कुछ भी नहीं बचा. करीब ढाई लाख रुपये नगद, सात एलईडी टीवी, दस से अधिक मोबाइल, बर्तन, कपड़े और जरूरी कागजात जलकर राख हो गए. पीड़ितों ने कहा कि वह पिछले 30 वर्षों से सड़क किनारे सरकारी जमीन पर झोपड़ी बनाकर रह रहे हैं. पहले बरारी घाट के पास रहते थे. विक्रमशिला सेतु निर्माण के समय वहां से हटाए जाने के बाद से यहां रहते थे. पीड़ितों ने प्रशासन से मुआवजा और पुनर्वास की मांग की है.

आग बुझाने के दौरान विक्रमशिला सेतु पर जाम

आग बुझाने के दौरान विक्रमशिला सेतु और पहुंच पथ पर लंबा जाम लग गया. दमकल और अन्य राहत वाहनों के कारण विक्रमशिला सेतु पर यातायात प्रभावित रहा. इस दौरान जाह्नवी चौक से लेकर जीरोमाइल तक वाहनों की लंबी कतार लग गई थी. जाम में फंसे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा. विक्रमशिला टीओपी पुलिस के प्रयास से दोपहर करीब 12 बजे तक यातायात पूर्ववत हो सका.

फायर ब्रिगेड टीम के जवानों ने दिखायी बहादुरी

घटना की सूचना मिलते ही महज 10 मिनट के अंदर अग्निशमन अधिकारी नागेन्द्र उपाध्याय और बास्की राय के नेतृत्व में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई थी. आग की भयावहता को देखते हुए पांच छोटे और पांच बड़े दमकलों को लगाया गया. टीम के जवान तरुण कुमार, संजय कुमार, नीतीश कुमार, चंचल कुमार, प्रीति कुमारी, चांदनी कुमारी और दुर्गेश कुमार ने बहादुरी का परिचय देते हुए एक घंटे के भीतर आग पर काबू पा लिया. दमकलकर्मियों के तत्पर प्रयास से आग को फैलने से रोका जा सका और बड़ी क्षति टली.

Also Read: Bhagalpur News: पीरपैंती थर्मल पावर प्लांट के लिए एजेंसियों ने नहीं ली रुचि, बढ़ायी गयी निविदा की तिथि

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Radheshyam kushwaha

राधेश्याम कुशवाहा को पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत उन्होंने राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में यूपी डेस्क का नेतृत्व कर रहे हैं. इन्हें धर्म-अध्यात्म, ज्योतिष, राजनीति, अपराध और सकारात्मक खबरों की रिपोर्टिंग व लेखन में विशेष रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >