भागलपुर-कटिहार स्पेशल ट्रेन 28 अगस्त तक बढ़ी, सावन भर चलाने के लिए मालदा डिवीजन ने लिखा पत्र

Bhagalpur Katihar Special Train Extension: विक्रमशिला सेतु पर बड़े वाहनों की नो-एंट्री के कारण भागलपुर-कटिहार स्पेशल ट्रेन की अहमियत बढ़ गई है. यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन का परिचालन अब 28 अगस्त तक जारी रहेगा. मालदा रेल मंडल ने इसे 31 अगस्त तक बढ़ाने का प्रस्ताव भी भेजा है.

Bhagalpur Katihar Special Train Extension: ट्रेन संख्या 03407/03408 (भागलपुर-कटिहार-भागलपुर स्पेशल) का परिचालन पूर्व निर्धारित शेड्यूल के तहत 10 जुलाई को समाप्त हो रहा था. लेकिन गुरुवार को कोलकाता मुख्यालय से आए नए निर्देश के बाद अब यह ट्रेन 11 जुलाई से 28 अगस्त तक नियमित रूप से पटरी पर दौड़ेगी. वहीं, पूरे सावन महीने और रक्षाबंधन के त्योहार को कवर करने के लिए मालदा रेल मंडल ने इस सेवा को 31 अगस्त तक जारी रखने के लिए मुख्यालय को एक विशेष प्रस्ताव भी भेजा है.

विक्रमशिला सेतु पर बड़े वाहनों की नो-एंट्री से बढ़ी ट्रेन की अहमियत

उल्लेखनीय है कि 3 मई की देर रात विक्रमशिला सेतु के पिलर संख्या 34 का स्लैब गिरने के बाद से पुल पर सुरक्षा कारणों से भारी बसों, ट्रकों और अन्य बड़े व्यावसायिक वाहनों के परिचालन पर पूरी तरह रोक लगी हुई है. चूंकि इस पुल के रास्ते ही पूर्वी बिहार के विभिन्न जिलों सहित नेपाल, काठमांडू, सिलीगुड़ी और असम तक के श्रद्धालु व आम लोग सुल्तानगंज और देवघर आते-जाते थे, इसलिए इस बार सड़क मार्ग बाधित होने से इस स्पेशल ट्रेन की अहमियत काफी बढ़ गई है.

सावन और श्रावणी मेला के लिए सबसे महत्वपूर्ण रूट

सुलतानगंज में आयोजित होने वाले विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेला को लेकर यह ट्रेन उत्तर और पूर्वी बिहार के रेल यात्रियों के लिए सबसे सुगम साधन बन चुकी है. कटिहार, पूर्णिया और मुंगेर के रास्ते आने वाले श्रद्धालु इस ट्रेन के जरिए सीधे सुल्तानगंज पहुंच सकेंगे. सड़क मार्ग पर बसों की पाबंदी के कारण जो दबाव ऑटो या छोटे वाहनों पर था, उसे कम करने में यह ट्रेन रामबाण साबित हो रही है.

31 अगस्त तक एक्सटेंशन मिलने की पूरी उम्मीद

मालदा रेल मंडल प्रशासन इस ट्रेन की लोकप्रियता और यात्रियों की जरूरत को देखते हुए इसे अगस्त के आखिरी दिन तक चलाने का मन बना चुका है.

"श्रावणी मेला के मद्देनजर यात्रियों की सुविधा के लिए पूर्व रेलवे मुख्यालय द्वारा फिलहाल इस स्पेशल ट्रेन की अवधि को 28 अगस्त तक बढ़ा दिया गया है. हालांकि, सावन मास की समाप्ति और त्योहारों को देखते हुए मालदा डिवीजन ने इस ट्रेन को 31 अगस्त तक विस्तारित करने के लिए कोलकाता मुख्यालय को पत्र लिखा है. उम्मीद है कि जल्द ही इसकी भी स्वीकृति मिल जाएगी." — रसराज माजी, पीआरओ (मालदा रेल मंडल)

रेलवे के इस फैसले से भागलपुर, सुल्तानगंज, मुंगेर और कटिहार के दैनिक यात्रियों के साथ-साथ बाबाधाम जाने वाले कांवरियों ने बड़ी राहत की सांस ली है. स्थानीय लोगों की मांग है कि जब तक विक्रमशिला सेतु की मरम्मत पूरी नहीं हो जाती, तब तक इस ट्रेन सेवा को स्थायी रूप से जारी रखा जाए.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Lalit kishore mishra

ललित किशोर मिश्र प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से व डिजिटल माध्यम में पिछले 3 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, रेलवे और परिहवन में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >