Bhagalpur Flood: भागलपुर में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है. जिले के विभिन्न प्रखंडों के 111 गांव और 437 वार्ड बाढ़ की चपेट में हैं. आपदा प्रबंधन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, बाढ़ से 2,00,102 परिवारों के 8,56,379 लोग प्रभावित हुए हैं. प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है. प्रभावित इलाकों में लोगों को सुरक्षित निकालने से लेकर भोजन, स्वास्थ्य सुविधा और आवागमन के लिए नावों की व्यवस्था की गयी है.
24 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से अब तक 24,812 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. राहत और बचाव कार्य के साथ प्रभावित इलाकों में आवागमन बनाए रखने के लिए 122 नावों का परिचालन किया जा रहा है. बाढ़ का असर केवल आबादी तक सीमित नहीं है. रिपोर्ट के अनुसार, जिले में 79,390 पशु भी प्रभावित हुए हैं.
80 स्वास्थ्य केंद्रों में 20 हजार से अधिक मरीजों का इलाज
बाढ़ के बाद बीमारियों का खतरा बढ़ने को देखते हुए प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सक्रिय रखा है. जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों में 80 स्वास्थ्य केंद्र लगातार काम कर रहे हैं. इन स्वास्थ्य केंद्रों में अब तक 20,940 मरीजों का इलाज किया जा चुका है.
राहत सामग्री के रूप में प्रभावित परिवारों के बीच 22,083 क्विंटल पॉलीथिन शीट का वितरण किया गया है. इससे बारिश और बाढ़ के बीच लोगों को अस्थायी रूप से सुरक्षित रहने में मदद मिल रही है.
317 सामुदायिक रसोई में रोज पहुंच रहा भोजन
बाढ़ के कारण घरों से विस्थापित और प्रभावित लोगों के लिए जिले में 317 सामुदायिक रसोई संचालित की जा रही हैं. इन रसोइयों के माध्यम से अब तक 19,15,618 लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा चुका है. प्रशासन का प्रयास है कि प्रभावित लोगों तक भोजन और अन्य जरूरी राहत सामग्री लगातार पहुंचती रहे.
Bhagalpur Flood: प्रशासन की राहत कार्यों पर नजर
जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है. जरूरत के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराये जा रहे हैं. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय पदाधिकारियों या जिला नियंत्रण कक्ष से तुरंत संपर्क करें.
Also Read: नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड का बदलेगा नाम? JDU के सांसद और मंत्री के बयान से चर्चा तेज
Also Read: प्रशांत किशोर बोले- हां हूं मैं बेचारा, CM सम्राट चौधरी के इस बयान का PK ने दिया रिप्लाई
