कलर्स टीवी पर प्रसारित पारिवारिक ड्रामा शो महादेव एंड संस में गार्गी के किरदार में दिखेगी भागलपुर की सुष्मिता

भागलपुर की रहने वाली सुष्मिता सहेला अब कलर्स टीवी के नए शो 'महादेव एंड संस' में गार्गी के किरदार में नजर आएंगी. फैशन से एक्टिंग तक का उनका सफर प्रेरणादायक है.

Bhapgalpur Actress Sushmita Sahela: छोटे पर्दे से लेकर सिनेमाई दुनिया तक अपनी अभिनय कला का लोहा मनवा रहीं सुष्मिता सहेला का यह नया शो हर हफ्ते शुक्रवार और सोमवार को कलर्स टीवी पर टेलीकास्ट (प्रसारित) किया जाएगा. फैशन डिजाइनिंग के क्षेत्र को छोड़कर अभिनय की दुनिया में कदम रखने वाली सुष्मिता की बैक-टू-बैक दो बड़े चैनलों पर मौजूदगी उनके बढ़ते करियर ग्राफ को दर्शाती है.

लोकप्रिय तमिल धारावाहिक का ऑफिशियल रीमेक है 'महादेव एंड संस'

शो के टेलीकास्ट होने से ठीक पहले सुष्मिता सहेला ने मीडिया से विशेष बातचीत में बताया कि 'महादेव एंड संस' पारिन मल्टीमीडिया के बैनर तले मशहूर प्रोड्यूसर सौरभ तिवारी द्वारा निर्मित एक बेहतरीन पारिवारिक ड्रामा है. यह सुपरहिट तमिल धारावाहिक पांडियन स्टोर्स 2 का आधिकारिक हिंदी रूपांतरण है.

इस शो की कहानी 'महादेव' के उस परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जो उनकी बहू 'मोगरा' की वजह से बिखरने के कगार पर है. सीरियल में रज्जी और धीरज की उन कोशिशों को दिखाया गया है, जिससे वे अपने परिवार और महादेव की विरासत को टूटने से बचाते हैं. इस शो में शक्ति आनंद (महादेव), स्नेहा वाघ (विद्या) और मानसी साल्वी (भानु) जैसे अनुभवी कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं. सुष्मिता के 'गार्गी' के किरदार में प्रवेश करने से कहानी में एक नया और भावनात्मक मोड़ आने की उम्मीद है.

भागलपुर से मुंबई तक का प्रेरणादायक सफर

सुष्मिता सहेला मूल रूप से भागलपुर शहर के सुरखीकल इलाके की रहने वाली हैं. उनके पिता सार्जन कुमार सबौर हाई स्कूल के सेवानिवृत्त (रिटायर्ड) प्राचार्य हैं और माता गुड्डी रानी हैं. सुष्मिता ने अपनी प्रारंभिक स्कूली शिक्षा भागलपुर के माउंट कार्मेल स्कूल से पूरी की.

इसके बाद उन्होंने निफ्ट (NIFT) प्रवेश परीक्षा में ऑल इंडिया स्तर पर 108वीं रैंक हासिल कर देश का नाम रोशन किया और बेंगलुरु से फैशन डिजाइनिंग की डिग्री ली. इसके बाद वे माया नगरी मुंबई पहुंचीं और वहां बतौर फैशन डिजाइनर काम करते हुए धीरे-धीरे अभिनय की दुनिया की ओर रुख किया.

Bhapgalpur Actress Sushmita Sahela: 'मेरे साईं' और 'कथा अनकही' से बना चुकी हैं पहचान

सुष्मिता ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत शॉर्ट फिल्म 'दो तरफा' से की थी. इसके बाद उन्हें सोनी टीवी के बेहद लोकप्रिय धारावाहिक 'मेरे साईं' में 'गौरी' की यादगार भूमिका निभाने का मौका मिला, जिससे उन्हें घर-घर में पहचान मिली. इसके बाद चर्चित शो 'कथा अनकही' में भी उनके शानदार अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों ने खूब सराहा था. एक महीने के भीतर लगातार दूसरे बड़े शो का हिस्सा बनकर सुष्मिता ने साबित कर दिया है कि कड़ी मेहनत और प्रतिभा के बल पर छोटे शहरों के युवा भी देश के सबसे बड़े मंचों पर अपनी जगह बना सकते हैं.

भागलपुर की ख़बरों को पढने के लिए यहाँ क्लिक करें !

पटना: राजस्व और भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने लिया बड़ा फैसला. कहा- अब राजस्व विभाग के सारे काम ऑनलाइन होंगे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Deepak kumar rao

Published by: Divyanshu Prashant

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >