भागलपुर : जिले में कोरोना वायरस का शिकार सोमवार को जिले के एक बीडीओ व नाजिर हो गये. रिपोर्ट के अनुसार सुलतानगंज प्रखंड में कार्यरत चार कर्मियों के अलावा जगदीशपुर और नवगछिया में एक-एक मरीज मिले हैं. इसके साथ ही कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़ कर 377 पहुंच गयी है. अबतक एक की मौत कोरोना से हुई, तो 306 लोग पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर गये.
वह जिले में आयोजित बैठक में भी भाग ले चुके हैं
सिविल सर्जन डॉ विजय कुमार सिंह ने इसकी जानकारी दी. जगदीशपुर प्रखंड में 32 साल का युवक तो नवगछिया में 62 साल का आदमी कोरोना के चपेट में आ गया है. इन सभी को सीसीसी घंटाघर में भर्ती करा जा रहा है. बीडीओ के कोरोना पॉजिटिव होने की खबर से जिले में हड़कंप मच गया है. बताया जा रहा है कि वह जिले में आयोजित बैठक में भी भाग ले चुके हैं. इनमें से एक झौवाकोठी के समीप रहते हैं.
87 लोगों की कोरोना स्क्रीनिंग, 12 होम क्वारेंटिन :
सदर अस्पताल के फ्लू कॉर्नर में सोमवार को 87 लोग कोरोना स्क्रीनिंग कराने पहुंचे. 12 लोगों में कोरोना संक्रमण का लक्षण होने से सीधे 14 दिन के लिए होम क्वारेंटिन में भेज दिया गया है.
