भागलपुर में बरारी सीढ़ी घाट पर राधा कृष्ण मंदिर में घुसा गंगा का पानी, बारिश थमी तो उमस ने बढ़ायी परेशानी

भागलपुर में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से तटवर्ती इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है. बरारी सीढ़ी घाट पर राधा कृष्ण मंदिर परिसर में पानी घुस गया है, और पुल घाट के धार्मिक स्थलों पर भी संकट गहरा गया है. श्रद्धालुओं को जान जोखिम में डालकर स्नान करना पड़ रहा है.

भागलपुर शहर में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने का सिलसिला लगातार जारी रहने से तटवर्ती इलाकों और प्रमुख घाटों पर संकट गहराने लगा है. नदी के रौद्र रूप के कारण ऐतिहासिक बरारी सीढ़ी घाट की सभी सीढ़ियां पूरी तरह डूब चुकी हैं. अब बाढ़ का पानी सीढ़ियों को पार कर बरारी स्थित राधा कृष्ण मंदिर परिसर के भीतर प्रवेश करने लगा है.

लगातार बढ़ रहे जलस्तर के चलते बरारी पुल घाट स्थित संतोषी माता मंदिर और तारा माता मंदिर के समीप भी गंगा की तेज धारा पहुंच गई है. यदि जलस्तर में वृद्धि की यही रफ्तार बनी रही, तो आगामी चौबीस घंटों में मंदिर परिसर का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह जलमग्न हो जाएगा.

आखिरी सीढ़ी तक छु रहा गंगा का पानी

मंदिरों की चौखट तक पहुंचा सैलाब, जान जोखिम में डालकर स्नान कर रहे श्रद्धालु

बरारी सीढ़ी घाट पर गंगा का पानी सीढ़ियों से ऊपर चढ़कर मुख्य चबूतरे और मंदिरों के प्रवेश द्वार तक फैल चुका है. घाट पर पूजा-अर्चना और स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालु अब सीढ़ियों के ऊपरी हिस्से पर जमा पानी में ही किसी तरह स्नान करने को मजबूर हैं.

पानी के तेज बहाव और गहराई का सही अंदाजा न होने के कारण स्नानार्थियों के लिए फिसलन और डूबने का खतरा बना हुआ है. स्थानीय पुरोहितों और नाविकों का कहना है कि जलस्तर में तेजी से हो रहे इजाफे को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए.

बरारी पुल घाट के धार्मिक स्थलों पर भी मंडराया जलप्रलय का खतरा

सीढ़ी घाट के साथ-साथ बरारी पुल घाट पर भी हालात तेजी से बदल रहे हैं. यहां स्थित प्रसिद्ध संतोषी माता मंदिर और मां तारा के मंदिर के चारों तरफ पानी भर जाने से परिक्रमा मार्ग और श्रद्धालुओं के खड़े होने की जगह डूब गई है.

मंदिर प्रबंधन से जुड़े लोगों का कहना है कि अगर गंगा का जलस्तर इसी गति से बढ़ता रहा, तो गर्भगृह तक पानी पहुंचने से दैनिक पूजा और आरती की व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है.

बारिश थमते ही तेज धूप और तीखी उमस ने छुड़ाए पसीने

एक तरफ गंगा के बढ़ते जलस्तर से तटीय इलाकों में दहशत का माहौल है, तो दूसरी तरफ मौसम के बदले मिजाज ने आम जनजीवन को हलकान कर दिया है. पिछले दिनों लगातार हुई बारिश के थमने के बाद अब तेज धूप और तीखी उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है.

सोमवार को खिली तेज धूप के बाद मंगलवार सुबह से ही तीखी धूप निकलने से लोग पसीने से तर-बतर नजर आए. हालांकि सुबह के वक्त आसमान में काले बादलों की आवाजाही बनी हुई थी, लेकिन बारिश नहीं होने से वातावरण में उमस का असर कई गुना बढ़ गया.

मौसम विभाग का पूर्वानुमान: अभी और होगी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार स्थानीय स्तर पर बनने वाले चक्रवाती परिसंचरण और नमी के कारण उमस में बढ़ोतरी हुई है. मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि भागलपुर और आसपास के इलाकों में अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. ऐसे में अगर ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों और स्थानीय स्तर पर फिर से तेज बारिश शुरू होती है, तो गंगा के जलस्तर में और उछाल आने से इनकार नहीं किया जा सकता.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ललित किशोर मिश्र

ललित किशोर मिश्र प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से व डिजिटल माध्यम में पिछले 3 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, रेलवे और परिहवन में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >