टोटो हादसे में युवक की मौत के मामले में बड़ा खुलासा, शराब के नशे में कार चला रहा था चालक

भागलपुर में तेज रफ्तार कार और टोटो की भीषण टक्कर में एक सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई. पुलिस जांच में कार चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. परिजनों ने मुआवजे की मांग की है.

Road Accident: भागलपुर जिले के सबौर थाना क्षेत्र स्थित बाबूपुर मोड़ के पास शुक्रवार रात कार और टोटो की टक्कर में एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस जांच में चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है.

मेडिकल जांच में हुई शराब पीने की पुष्टि

पुलिस के अनुसार टोयोटा रोमियो कार (बीआर 10 ए एक्स 5773) के चालक सुमित कुमार का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई. जांच में उसके शरीर में 100 एमएल अल्कोहल पाया गया. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया.

हादसे में गई थी गार्ड की जान

शुक्रवार रात करीब आठ बजे बाबूपुर मोड़ के पास कार ने टोटो में जोरदार टक्कर मार दी थी. हादसे में टोटो पर सवार खानकित्ता निवासी अजीत कुमार की मौत हो गई थी, जो भागलपुर के एक अस्पताल में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे. वहीं कहलगांव के चौधरी टोला निवासी अनिरुद्ध कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए.

स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़कर पुलिस को सौंपा

घटना के बाद कार चालक मौके से भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. घायल अनिरुद्ध कुमार ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि कार चालक लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ.

परिजनों ने मुआवजे की मांग की

Road Accident: पोस्टमार्टम के बाद बरारी थाना पुलिस ने मृतक अजीत कुमार का शव परिजनों को सौंप दिया. परिजनों ने बताया कि अजीत कुमार रोज की तरह ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे थे. हादसे की सूचना मिलने पर वे अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. ग्रामीणों ने बताया कि मृतक के परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है और आश्रितों को समुचित मुआवजा दिया जाना चाहिये.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >