भागलपुर: सावन की अंतिम सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ा जनसैलाब, शिवशक्ति में 2 क्विंटल गन्ने के रस से अभिषेक; विदेशी गुलाबों से सजे भूतनाथ

सावन माह की अंतिम सोमवारी पर भागलपुर के शिवालयों में भक्तों का उत्साह देखते ही बना. शिवशक्ति मंदिर में 2 क्विंटल गन्ने के रस से और भूतनाथ मंदिर में विदेशी गुलाबों से भगवान शिव का भव्य अभिषेक और शृंगार किया गया.

भागलपुर शहर में सावन माह की चौथी और अंतिम सोमवारी को लेकर शिवभक्तों का भारी उत्साह और उल्लास देखने को मिला. अहले सुबह से ही शहर के सभी प्रमुख शिवालयों के पट खुलते ही दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं. शिवभक्तों ने आस्था और श्रद्धा के साथ भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया और सावन की अंतिम सोमवारी का विशेष आशीर्वाद प्राप्त किया. बूढ़ानाथ से लेकर भूतनाथ और आदमपुर के शिवशक्ति मंदिर तक, पूरा शहर शिवमय हो गया है और देर रात तक भजन-कीर्तन का दौर जारी रहेगा.

शिवशक्ति मंदिर (आदमपुर): 2 क्विंटल ईख रस और 1 लाख बेलपत्र से अभिषेक

आदमपुर स्थित शिवशक्ति मंदिर में सावन की अंतिम सोमवारी पर अत्यंत भव्य अनुष्ठान का आयोजन किया गया:

  • विशिष्ट रुद्राभिषेक: महंत अरुण बाबा के संचालन में भगवान शिव का दो क्विंटल ईख (गन्ने) के रस से विशेष रुद्राभिषेक किया गया.
  • पूजन सामग्री: इसके साथ ही गुलाब जल, पवित्र गंगाजल, 1 लाख बेलपत्र, कमल के फूल, दूध और पंचामृत से भगवान भोलेनाथ को स्नान कराकर पूजा-अर्चना की गई.
  • शाम में महाआरती: संध्या 7 बजे मंदिर में महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जिसके उपरांत भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण होगा.

भूतनाथ मंदिर: कोलकाता और बेंगलुरु के विशेष गुलाबों से शृंगार

भूतनाथ मंदिर में अंतिम सोमवारी पर श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ी:

  • लंबी कतारें: बाबा के दर्शन के लिए भक्तों की कतारें इतनी लंबी थीं कि लाइन साहेबगंज-विश्वविद्यालय मार्ग तक पहुंच गई.
  • विदेशी फूलों से शृंगार: भगवान भूतनाथ का विशेष और अलौकिक शृंगार कोलकाता और बेंगलुरु से मंगाए गए रंग-बिरंगे गुलाबों से किया जाएगा.
  • भजन संध्या: संध्या काल में मंदिर परिसर में एक भव्य भजन संध्या का भी आयोजन किया गया है.
बाबा भूतनाथ के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु. | Prabhat Khabar Network

बूढ़ानाथ मंदिर: 'हर-हर महादेव' के जयकारों से गूंजा परिसर

ऐतिहासिक बूढ़ानाथ मंदिर में सुबह से लेकर दोपहर तक हर वर्ग के शिवभक्तों का तांता लगा रहा:

  • युवाओं में खासा उत्साह: माथे पर चंदन-तिलक लगाए युवा भक्त भगवान की भक्ति में रमे नजर आए. पूरे परिसर में बाबा बूढ़ानाथ और 'हर-हर महादेव' के जयकारे गूंजते रहे.
  • संध्या कार्यक्रम: मंदिर में शाम के समय भगवान का भव्य शृंगार किया जाएगा और भजन-कीर्तन का कार्यक्रम आयोजित होगा.

मान मंदिर, कुपेश्वरनाथ व अन्य शिवालयों में भी विशेष अनुष्ठान

शहर के अन्य प्रमुख शिवालयों में भी भक्ति का रंग चरम पर दिखा:

  • कुपेश्वर नाथ: महंत विजयानंद शास्त्री के मार्गदर्शन और संचालन में भगवान का भव्य शृंगार, रुद्राभिषेक और रात्रि में जागरण/भजन का आयोजन होगा.
  • मान मंदिर: यहां पुजारी रमेशचंद्र झा के संचालन में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ.
  • इच्छानाथ नवरंग महादेव: नया बाजार स्थित इस मंदिर में पूजा समिति की ओर से बाबा भोलेनाथ का नयनाभिराम शृंगार किया जा रहा है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपक कुमार राव

दीपक कुमार राव प्रिंट माध्यम में 18 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 वर्षों से एक्टिव हैं. प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, कला-संस्कृति व सामाजिक कार्य में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >