सुलतानगंज जा रहे कांवरियों से भरा ऑटो पलटा, इलाज के दौरान असम के श्रद्धालु की मौत, पांच घायल

Bhagalpur Road Accident : भागलपुर-सुलतानगंज मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 21 कांवरियों से भरा ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया. इस दुर्घटना में असम के रहने वाले 40 वर्षीय शंकर दत्ता की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य श्रद्धालु घायल हो गए. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Bhagalpur Road Accident : सोमवार को असम से भागलपुर पहुंचे 21 कांवरिया श्रद्धालु दो ऑटो रिजर्व कर सुलतानगंज की ओर रवाना हुए थे. इसी दौरान भागलपुर-सुलतानगंज मार्ग पर महेशी गांव के समीप एक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे सीमेंट के खंभे से टकरा गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो दो बार पलट गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

सिर और पैर में गंभीर चोट से हुई मौत

मृतक की पहचान असम के चपराकाटा स्थित बोए गांव निवासी 40 वर्षीय शंकर दत्ता के रूप में हुई है. हादसे में उनके सिर और पैर में गंभीर चोटें आई थीं. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मंगलवार सुबह जेएलएनएमसीएच मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

मोबाइल पर बात करते हुए ऑटो चला रहा था चालक

घायल श्रद्धालु पूपली राय ने बताया कि वह आगे चल रहे ऑटो में सवार थीं. उनके अनुसार चालक तेज गति से वाहन चला रहा था और उसी दौरान मोबाइल फोन पर बात भी कर रहा था. इसी लापरवाही के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ऑटो सीमेंट के खंभे से टकराकर पलट गया.

चार गंभीर घायलों को मायागंज किया गया रेफर

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को पहले सुलतानगंज सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया. स्थिति गंभीर होने पर शंकर दत्ता, पूपली राय, महादेव सरकार और बाखल बर्मन को जेएलएनएमसीएच मायागंज रेफर किया गया. चिकित्सकों के अनुसार अन्य घायलों की हालत अब खतरे से बाहर है.

घायल कांवरियों की तस्वीर.

पंडाल सजावट का काम करते थे शंकर दत्ता

श्रद्धालुओं ने बताया कि शंकर दत्ता धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे और उन्होंने शादी नहीं की थी. वह असम में पंडाल डेकोरेशन का काम करते थे. चार भाइयों में अब उनके दो भाई जीवित हैं. हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को जब्त कर लिया है, जबकि चालक फरार बताया जा रहा है. सुलतानगंज पुलिस मामले की जांच कर रही है. वहीं बरारी कैंप थाना पुलिस ने शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ऋषव मिश्रा कृष्णा

ऋषव मिश्रा कृष्णा प्रिंट माध्यम में पिछले 22 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. फिल्म, शिक्षा और गीत लेखन में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >