बकाया रुपये मांगना पड़ा भारी, दोस्ती बनी मौत की वजह, किन्नर गंगा की जहर देकर हत्या का आरोप

Bhagalpur News : पांच लाख रुपये की उधारी मांगने गया किन्नर गंगा देवी वापस जिंदा नहीं लौट सका. परिजनों का आरोप है कि दोस्तों ने साजिश रचकर खाने में जहर मिला दिया और मौत के मुंह में धकेल दिया.

भागलपुर से ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट

भागलपुर के शाहकुंड थाना क्षेत्र के खुलनी गांव में किन्नर सुनील मंडल उर्फ गंगा देवी की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी है. परिजनों ने गंगा के दोस्तों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है. गंभीर हालत में अस्पताल पहुंची गंगा ने मौत से पहले परिजनों को पूरी घटना बतायी थी. मामले में पुलिस जांच में जुट गई है.

बकाया रकम मांगने गया था गंगा, लौटी लाश

भागलपुर. शाहकुंड थाना क्षेत्र के खुलनी गांव निवासी किन्नर सुनील मंडल उर्फ गंगा देवी (39) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि गंगा के दोस्तों ने उसे जहर देकर मार डाला. गंभीर हालत में उसे जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

भाभी ने थाने में दिया आवेदन

मंगलवार को बरारी कैंप थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया. मामले में गंगा की भाभी काजल देवी ने पुलिस को बयान देकर शाहकुंड थाना क्षेत्र के मुंजर गांव निवासी प्रदीप यादव, गोविंद यादव और चुन्नी यादव पर हत्या का आरोप लगाया है.

“खाने में जहर मिलाकर दिया गया” : परिजन

परिजनों के अनुसार गंगा और प्रदीप यादव के बीच गहरी दोस्ती थी. इसी दौरान गंगा ने प्रदीप को करीब पांच लाख रुपये उधार दिए थे. जब गंगा पैसे वापस मांगने मुंजर गांव स्थित प्रदीप के घर गया, तब साजिश के तहत उसे खाने में जहर मिला दिया गया.गंगा की भाभी काजल देवी ने बताया कि हालत बिगड़ने के बाद आरोपित उसे घर के पास छोड़कर फरार हो गए. परिजनों ने जब उससे पूछा तो उसने खुद बताया कि प्रदीप और उसके परिवार ने खाने में जहर मिलाकर खिलाया है.

अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत

गंगा की तबीयत बिगड़ने पर उसे पहले शाहकुंड अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया. परिजनों का कहना है कि रेफर होने तक गंगा बात कर रहा था, लेकिन जेएलएनएमसीएच पहुंचने के बाद अचानक उसकी हालत गंभीर हो गई और कुछ देर बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि गंगा के गले से करीब दो लाख रुपये कीमत की सोने की चेन भी गायब है.

शादी के बाद बदली थी गंगा की जिंदगी

गंगा के बहनोई अनिल मंडल ने बताया कि बचपन में गंगा सामान्य जीवन जीता था. करीब 15 वर्ष पहले उसकी शादी भी हुई थी. शादी के कुछ वर्षों बाद वह दिल्ली चला गया और वापस लौटने पर खुद को किन्नर बताने लगा. उसके पहनावे, बोलचाल और रहन-सहन में काफी बदलाव आ गया था.परिजनों के मुताबिक गंगा ने बताया था कि उसने सर्जरी कराई है, जबकि अस्पताल के कुछ चिकित्सकों का कहना है कि वह प्राकृतिक रूप से पुरुष किन्नर था.

नाच-गाकर करता था कमाई, गांव में था लोकप्रिय

परिजनों ने बताया कि गंगा घर-घर जाकर नाच-गाने का काम करता था और अच्छी कमाई कर लेता था. वह अकेले रहता था और अधिकतर समय अपने दोस्तों के साथ बिताता था. गांव में उसका व्यवहार काफी अच्छा था और लोग उसे पसंद करते थे.फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >