bhagalpur news. मुख्यमंत्री के भागलपुर दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, 24 घंटे के लिए नो ड्रोन फ्लाई जोन घोषित

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को एक दिवसीय दौरे पर भागलपुर आयेंगे. मुख्यमंत्री बनने के बाद उनका यह पहला भागलपुर दौरा होगा.

मुख्यमंत्री बनने के बाद आज पहली बार भागलपुर आयेंगे सम्राट चौधरी

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को एक दिवसीय दौरे पर भागलपुर आयेंगे. मुख्यमंत्री बनने के बाद उनका यह पहला भागलपुर दौरा होगा. इस दौरान वह विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से पर चल रहे बेली ब्रिज निर्माण कार्य का निरीक्षण करेंगे और परियोजना की प्रगति की जानकारी लेंगे.

सेतु निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री समाहरणालय पहुंचेंगे और विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रम में भाग लेंगे. वहीं, समीक्षा भवन वह आगामी श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे. बैठक में सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, पेयजल, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है. प्रशासनिक कार्यक्रमों के अलावा मुख्यमंत्री नाथनगर के नरगा में पूरनमल बाजोरिया शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय पहुंचेंगे और स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह पटना के लिए रवाना हो जायेंगे.

बिहार के मुख्यमंत्री के 31 मई को प्रस्तावित भागलपुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. मुख्यमंत्री की जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है. संयुक्त आदेश जारी कर मुख्यमंत्री के आगमन और कार्यक्रम स्थलों के आसपास 30 मई की शाम छह बजे से 31 मई की शाम छह बजे तक 24 घंटे के लिए अस्थायी रेड जोन एवं नो ड्रोन फ्लाई जोन घोषित किया गया है.

हवाई अड्डा पर लैंड होगा सीएम का हेलीकॉप्टरनिर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री राजकीय विमान से भागलपुर हवाई अड्डा पहुंचेंगे. इसके बाद वे विक्रमशिला पुल का निरीक्षण करेंगे. साथ ही समाहरणालय परिसर में विभिन्न योजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके अलावा पूरनमल बाजोरिया शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भी भाग लेंगे. मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. प्रशासन की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि ड्यूटी पर तैनात दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी पूरी सतर्कता बरतें. कार्यक्रम स्थलों के आसपास बैरिकेडिंग एवं ड्रॉप गेट बनाये गये हैं. बिना एंटी-सबोटेज जांच के किसी भी व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. सुरक्षा कारणों से ज्वलनशील पदार्थ, आग्नेयास्त्र, झोला, बैग एवं छाता लेकर प्रवेश पर रोक लगायी गयी है.

पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों की रहेगी तैनातीभीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गयी है. इसके अलावा सादे लिबास में भी सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया जायेगा. कार्यक्रम स्थलों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया है. प्रेस एवं मीडिया कर्मियों के लिए अलग स्थान निर्धारित किया गया है. मीडिया प्रतिनिधियों को भी वैध पहचान पत्र एवं पास के साथ ही प्रवेश की अनुमति मिलेगी. प्रशासन ने विशेष एंबुलेंस की व्यवस्था की है. शहर के प्रमुख अस्पतालों को अलर्ट मोड में रखा गया है. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई दल को तैयार रहने का निर्देश दिया गया है. पूरे कार्यक्रम की निगरानी वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा की जायेगी. जिला प्रशासन ने आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें ताकि मुख्यमंत्री का दौरा शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके.

सीएम के दौरे को लेकर यातायात व्यवस्था दुरुस्तमुख्यमंत्री के 31 मई के भागलपुर दौरे को लेकर यातायात पुलिस ने विशेष तैयारी पूरी कर ली है. यातायात पुलिस उपाधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान आम लोगों को जाम की समस्या न हो, इसके लिए चरणबद्ध व्यवस्था की गयी है. मुख्यमंत्री हवाई अड्डा से तिलकामांझी होते हुए मनाली चौक के रास्ते समीक्षा भवन पहुंचेंगे. बैठक के बाद उनका काफिला पुनः मनाली चौक और विश्वविद्यालय थाना चौक होते हुए विभिन्न कार्यक्रम स्थलों तक जाएगा. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के काफिले के गुजरने के दौरान संबंधित मार्गों पर केवल 20 से 25 मिनट के लिए आवागमन रोका जायेगा. काफिला गुजरने के बाद यातायात सामान्य रूप से बहाल कर दिया जायेगा. तिलकामांझी, एसएसपी आवास रोड और हटिया रोड पर यातायात व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया है. वहीं, सुरक्षा कारणों से शहर में बड़े और भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >