पार्षद रंजीत मंडल का भूख हड़ताल मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा. इसी दिन नगर निगम की सामान्य बोर्ड बैठक भी थी, जिसके दौरान कई पार्षद अनशन स्थल पर पहुंचे और उनसे मुलाकात कर आंदोलन को समर्थन दिया. पार्षदों ने आपस में चर्चा कर कहा कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जायेगा. इस बीच नगर आयुक्त के निर्देश पर गठित टीम ने परबत्ती पहुंचकर पार्षद के आरोपों की सत्यता की जांच की. उपनगर आयुक्त आमिर सोहेल, सिटी मैनेजर मो असगर अली व कार्यालय अधीक्षक मो रेहान अहमद की टीम ने पूरे मामले की बारीकी से जांच की. इसकी रिपोर्ट बुधवार को उपनगर आयुक्त की ओर से नगर आयुक्त को सौंपी जायेगी. इस पर उचित निर्णय लिया जायेगा. कार्यालय अधीक्षक मो रेहान अहमद ने बताया कि सिर्फ एक व्यक्ति को छोड़कर पूरा समाज प्याऊ निर्माण के पक्ष में है. उन्होंन बताया कि प्याऊ सही जगह पर बन रहा है. जिस व्यक्ति की जमीन से सट कर टावर बन रहा है, उनको कोई आपत्ति नहीं है. इसके विपरीत यानी, सड़क की दूसरी ओर से वाशिंदे को सिर्फ शिकायत है. उन्होंने बताया कि धनंजय यादव के घर के पास बोरिंग निर्माण हो रहा है. यहां से थोड़ी दूरी पर प्याऊ बन रहा है. पार्षदों के अधिकारों का हनन बर्दाश्त नहीं वार्ड दो की पार्षद सोनी देवी ने कहा कि जनरल बोर्ड की बैठक से पहले अनशन पर बैठे पार्षद की समस्या का समाधान होना चाहिए था. उन्होंने कहा कि पार्षदों के अधिकारों का हनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. सभी पार्षद मिलकर आगे की रणनीति तय करेंगे. इन पार्षदों ने आंदोलन को दिया समर्थन अनशन स्थल पर निकेश कुमार, अभिषेक मिश्रा, अशोक पटेल, मनोज पासवान, उमेश मंडल, प्रीति देवी, अमित कुमार, प्रीति देवी और अशोक राय सहित कई पार्षद पहुंचे और रंजीत मंडल के आंदोलन को समर्थन दिया. आज कई पार्षद अनशन स्थल पर जुटेंगे पार्षद रंजीत मंडल ने कहा कि वे अपने समर्थकों के साथ धरना स्थल पर डटे हुए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम प्रशासन अब तक पार्षदों के अधिकारों को लेकर स्पष्ट जवाब नहीं दे पा रहा है. बुधवार को फिर कुछ पार्षद अनशन स्थल पर जुटेंगे और आगे की रणनीति बनाकर आंदोलन की दिशा तय करेंगे. उन्होंने बताया कि तीन सदस्यीय टीम ने संबंधित वार्ड का निरीक्षण किया. बताया गया कि जिन लोगों को वार्ड में काम करने का अधिकार नहीं है, उनसे लिखित बयान लेने के बाद आगे निर्णय लिया जायेगा.
bhagalpur news. नगर आयुक्त के निर्देश पर तीन अधिकारियों की टीम ने की जांच, कहा-सही जगह बन रहा प्याऊ
नगर आयुक्त के निर्देश पर गठित टीम ने परबत्ती पहुंचकर पार्षद के आरोपों की सत्यता की जांच की. उपनगर आयुक्त आमिर सोहेल, सिटी मैनेजर मो असगर अली व कार्यालय अधीक्षक मो रेहान अहमद की टीम ने पूरे मामले की बारीकी से जांच की.
