भागलपुर : वर्ष 2018 में हुई सिपाही पद पर बहाली के करीब डेढ़ वर्ष बीतने के बाद विभिन्न जिलों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षु महिला व पुरुष सिपाही अब पास आउट हो रहे हैं. माना जा रहा है कि पुलिस बलों की कमी से जूझ रहे बिहार राज्य में जल्द ही बलों की कमी दूर हो जायेगी. भागलपुर पुलिस जिला में भी दो जिलों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बलों को भेजा गया है. इनमें पुरुष और महिला जवान दोनों ही शामिल हैं.
हालांकि महिला जवानों की संख्या काफी ज्यादा है. भागलपुर एसएसपी का कहना है कि काफी संख्या में महिला बलों की प्रतिनियुक्ति भागलपुर पुलिस जिला में की गयी है. इससे पुलिस को काफी बल मिलेगा. अबतक जिला में योगदान देने वाले नव प्रशिक्षित हुए जवानों में बांका जिला से आयी 163 महिला जवान और 27 पुरुष जवान शामिल हैं.
एसएसपी आशीष भारती ने बताया कि बांका जिला में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही 163 महिला जवानों ने पासिंग आउट के बाद भागलपुर जिला बल में अपना योगदान दिया है. वहीं, बेगूसराय जिला में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 27 पुरुष बलों ने भी पासिंग आउट के बाद अपना योगदान जिला में दिया है. भागलपुर पुलिस केंद्र में योगदान देने के बाद अधिकांश नव प्रशिक्षित बलों की प्रतिनियुक्ति जिला के विभिन्न थानों में की जा चुकी है.
उन्होंने बताया कि थानों में प्रतिनियुक्त किये गये जवानों को थाना के दैनिक कार्यों, गश्ती व पुलिस की कार्रवाई में लगाया जायेगा. सभी थानाें को यह सख्त आदेश दिया गया है कि रात्रि गश्ती को छोड़ दिन की गश्ती के दौरान पुरुष और महिला दोनों जवानों को गश्ती पार्टी में शामिल किया जायेगा. माना जा रहा है कि भागलपुर पुलिस में महिला जवानों की सहभागिता बढ़ने के बाद अब जिला में महिला सुरक्षा को भी बल मिलेगा.
