पीरपैंती :हुजूरनगर पंचायत के बिनोबा टोले के महादलित टोले निवासी सिकंदर रविदास के पुत्र कन्हैया कुमार (10) की उसके ही चाचा ने हत्या कर दी. उसका शव सोमवार को गांव के बांसबिट्टा से मिला. उसकी गर्दन को रेता गया था, हाथ का नस काटा गया था और पेट को चिर दिया गया था. वह रविवार की शाम घर से निकला था, इसके बाद लौट कर नहीं आया. मृतक की मां मीना देवी अपने पुत्र की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने पीरपैंती थाना गयी थी.
वहीं उसे जानकारी मिली कि गांव में ही बांसबिट्टा में उसके पुत्र का शव पड़ा है. पीरपैंती थानाध्यक्ष राकेश कुमार सदलबल घटनास्थल पहुंचे व शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया.
मृतक सात भाई-बहनों में सबसे छोटा था. पिता मजदूरी करने पंजाब के पटियाला गये हैं. वह पीरपैंती बाजार स्थित उज्ज्वल पब्लिक स्कूल के वर्ग छह में पढ़ता था. मां, दादा, रविदास, चचेरा दादा आदि ने पुलिस को बताया कि चाचा शिव रविदास को कोई संतान नहीं थी. घरवालों के कहने पर बच्चे उसका बाजार से सामान लाने सहित अन्य कार्यों में सहयोग करते थे. रविवार की शाम शिव रविदास व उसकी पत्नी ने बच्चे को अपने घर बुलाया. इसके बाद से उसका बेटा घर नहीं लौटा. रात भर उसकी खोज की. नहीं मिलने पर सोमवार को सवेरे वह लोग इसकी सूचना देने थाना गये, जहां गांववालों से उसके शव फेंकने की जानकारी मिली. परिजनों ने पुलिस को बताया कि शिव रविदास को कोई संतान नहीं थी. संतान प्राप्ति के लिए गांव के ही तांत्रिक बिलास मंडल से वह बराबर पूजा करवाता था. इसी में अमावस्या के दिन उसके पुत्र की बलि दे दी गयी.
मुखिया उत्तम साह, भाजपा नेता मिंकू तिवारी, अनिल कुमार उजाला, अभिमन्यु तिवारी, अनिल राय, उमाकांत दास आदि ने घटनास्थल पहुंच पीड़ित परिवार को सांत्वना दी. घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ रिषु कृष्णा पीरपैंती थाना पहुंची.
