जिला नियंत्रण कक्ष में दें बीएलओ के गैरहाजिर होने की जानकारी
भागलपुर : मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटवाने या सुधार करवाने का एक और मौका जिलेवासियों को मिल रहा है. मतदाता सूची के प्रारूप के प्रकाशन के साथ ही शनिवार से जिले में मतदाता सूची के पुनरीक्षण का काम शुरू हो गया. 31 अक्तूबर तक कोई भी मतदाता अपने मतदान केंद्र पर जाकर बीएलओ को इसके लिए आवेदन दे सकता है. यदि मतदान केंद्र पर बीएलओ उपस्थित नहीं रहते हैं तो इसकी शिकायत जिला नियंत्रण कक्ष को की जा सकती है. बीएलओ व नियंत्रण कक्ष का नंबर सभी मतदान केंद्रों पर दर्ज कराने का आदेश दे दिया गया है.
आयोग ने एक सितंबर से शुरू होने वाले मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम की घोषणा की. उन्होंने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ उपस्थित रहेंगे. मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए मतदाताओं को फार्म 6 मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फार्म सात व मतदाता सूची में दर्ज नाम आदि में सुधार के लिए फार्म आठ भर कर बीएलओ को देना होगा. इस अभियान के तहत एक जनवरी 2001 से पहले जन्मे सभी लोग आवेदन कर सकते हैं. मतदाता पुनरीक्षण के लिए बीएलओ को एक दिन में अधिकतम दस आवेदन जमा करने की छूट दी गयी है, लेकिन एक बीएलओ तीस से अधिक आवेदन किसी हालत में जमा नहीं करेगा.
